वाराणसी। विवादों को लेकर सुर्खियों में रहने वाले छावनी क्षेत्र स्थित पीएनयू क्लब मेें सोमवार को जमकर मारपीट हुई। प्रकरण को लेकर क्लब के अध्यक्ष अशोक वर्मा की तहरीर पर सचिव रीतेश जायसवाल, सुशील सोनी, मोहम्मद असलम, दीपक मिश्रा, मनोज मिश्रा, संजय खरे और मनोज जायसवाल के खिलाफ कैंट थाने में मारपीट, लूटपाट सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है।
सिगरा क्षेत्र निवासी अशोक वर्मा के अनुसार वो क्लब में मौजूद थे और कुछ सदस्य साधारण सभा की बैठक बुलाने के लिए प्रार्थना पत्र पर हस्ताक्षर कर रहे थे। इसी दौरान मो. असलम ने प्रार्थना पत्र लेकर फाड़ दिया और संयुक्त सचिव अंबुज किशोर नारायण को पीटने लगेे। मौके पर मौजूद सभी लोग बीचबचाव करने लगे तो मो. असलम और रीतेश जायसवाल सहित अन्य ने अशोक वर्मा, कुमार सौरभ और अंबुज किशोर को जमकर पीटा। मारपीट के दौरान ही अशोक वर्मा और कुमार सौरभ की सोने की चेन छीन ली गई। इस संबंध में इंस्पेक्टर कैंट ने बताया कि मारपीट में घायल हुए लोगों का मेडिकल मुआयना करा कर तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।