वाराणसी। नगर विकास एवं जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि 30 जून तक पेयजल पाइप लाइन की गैपिंग जोड़ने का काम नगर निगम करेगा। इसके लिए सरकार आठ करोड़ रुपये देगी। इसके पहले जल निगम ने 10 करोड़ से इस काम को कराने का इस्टीमेट बनाया था। शनिवार को सर्किट हाउस में नगर निगम, जल निगम एवं जलकल विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास योजनाओं का जायजा लिया।
उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि विकास से जुड़े जो भी कार्य चल रहे हैं उसे समय से पूरा कराएं और उसमें तेजी लाएं। दरअसल नगर विकास मंत्री शनिवार को विभागीय समीक्षा बैठक करने आए थे लेकिन किन्हीं कारणों से समीक्षा बैठक टल गई। इस दौरान वहां पहुंचे अधिकारियों से उन्होंने सर्किट हाउस में विकास कार्यों का हाल जाना। नगर आयुक्त डॉ. नितिन बसंल, जलकल के जीएम वीके सिंह, जल निगम के चीफ इंजीनियर से संचालित योजनाओं में तेजी लाने की हिदायत दी। उन्होंने गोइठहां, दीनापुर एसटीपी, पेयजल, स्मार्ट सिटी, हृदय और अमृत योजनाओं के बारे में जायजा लिया।