सेवापुरी। जंसा थाना क्षेत्र के चौखंडी में शरारती तत्वों द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तोड़े जाने का मामला शनिवार की सुबह सार्वजनिक होते ही ग्रामीण भड़क गए। सूचना पाकर पहुंचे पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाबुझाकर नई प्रतिमा स्थापित कराई तब जाकर मामला शांत हुआ। उधर, मामले को लेकर ग्राम प्रधान निर्मला पटेल की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ प्रतिमा तोड़ने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।
चौखंडी स्थित तालाब पर स्थापित डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा शुक्रवार की रात शरारती तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दी थी। शनिवार की सुबह तालाब की ओर गए ग्रामीणों ने प्रतिमा को क्षतिग्रस्त देखा तो सभी नाराज हो गए और देखते ही देखते मौके पर अच्छी खासी भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना पाकर एसडीएम राजातालाब, सीओ सदर और जंसा थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे। नारेबाजी के बीच पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने नई प्रतिमा स्थापित कराई तब जाकर माहौल सामान्य हुआ। सीओ सदर अंकिता सिंह ने बताया कि चौखंडी की ग्राम प्रधान की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।