डीरेका के कर्मचारी नेता टीके मुकेश की हत्या के मामले में आरोपियों को रिमांड पर लेने के लिए आरपीएफ ने रेलवे कोर्ट में अर्जी दाखिल कर दी है। आरपीएफ ने यह अर्जी शनिवार को दाखिल की।
आरपीएफ के वरिष्ठ सुरक्षा आयुक्त (डीरेका) जितेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की विस्तृत छानबीन की जा रही है। कोई भी ऐसा तथ्य सामने आया कि आरोपियों की किसी गतिविधि से प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से डीरेका के शांतिपूर्ण वातावरण में खलल पैदा हो सकता है तो आरोपियों पर एनएसए की कार्रवाई के लिए भी डीएम से अनुशंसा की जाएगी। रेलवे की जांच शाखा को भी पत्र लिखा जाएगा।
गौरतलब है कि आरोपियों पर आरपीएफ ने अनाधिकृत प्रवेश सहित कई मुकदमे दर्ज किए हैं। मंडुवाडीह पुलिस के साथ ही आरपीएफ पूरे मामले की पड़ताल में जुटी है। वरिष्ठ सुरक्षा आयुक्त ने बताया कि पुलिस और आरपीएफ मामले की जांच में एक-दूसरे का सहयोग कर रहे हैं। छानबीन के बाद जरूरत के अनुरूप धाराएं बढ़ाई जाएंगी। डीरेका की सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करने के लिए भी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
बर्खास्तगी के लिए कल भेजी जाएगी रिपोर्ट
डीरेकाकर्मी की हत्या के मामले में समर्पण कर चुके रवि नारायण सिंह उर्फ बबलू राय की बर्खास्तगी की रिपोर्ट तैयार हो गई है। सोमवार को इसे इलाहाबाद एनसीआर मुख्यालय भेजा जाएगा। दरअसल बबलू राय की नियुक्ति यहीं से हुई थी।