रोहनिया। लठिया चौराहा पर सोमवार की रात पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक कंटेनर से 239 पेटी शराब बरामद की। बरामद शराब के साथ हरियाणा के सोनीपत के रायपुर फाजिलपुर के पंकज सिंह और नई दिल्ली के मॉडल टाउन के बलराम शर्मा को गिरफ्तार किया गया है। दोनों को मंगलवार को जेल भेज कर कंटेनर को सीज कर दिया गया। कंटेनर में जो वाहन नंबर लिखा हुआ था पुलिस की जांच में वो भी फर्जी निकला। बरामद शराब की कीमत 65 लाख रुपये बताई गई है।
इंस्पेक्टर रोहनिया परशुराम त्रिपाठी ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि इलाहाबाद की ओेर से अवैध शराब की खेप लेकर एक कंटेनर बिहार की ओर जा रहा है। इस सूचना पर अखरी में वाहन तलाशी शुरू कराकर कंटेनर पकड़ा गया। गिरफ्त में आए दोनों आरोपियों ने बताया कि वो शराब की खेप बिहार के बक्सर ले जा रहे थे। शराब बंदी के बाद बिहार में हरियाणा निर्मित शराब की खासी मांग है और मुंहमांगा दाम मिलता है। दोनों ने बताया कि शराब की खेप पहुंचाने पर उन्हें दस-दस हजार रुपये मिलते। हालांकि शराब तस्कर गिरोह से जुड़े तस्करों के बारे में दोनों कोई जानकारी पुलिस को नहीं दे सके।