मिर्जामुराद। मनकईया गांव स्थित लखवा चट्टी के समीप सोमवार की देर शाम दुकान बंद कर बाइक से घर जा रहे दुकादार करण बिंद पर चाकू से वार कर बाइक सवार तीन बदमाशों ने 15 हजार रुपया और तीन मोबाइल लूट लिया। दुकानदार की सूचना पर पहुंची पुलिस मौका मुआयना की कार्रवाई तक ही सीमित रही।
कपसेठी थाना के डोमनपुर निवासी करण बिंद की लखवा चट्टी में मोबाइल की दुकान है। करण के अनुसार वो अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आए बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसे तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हुए रोक लिया। इसके बाद तीनों उसका बैग छीनने लगे तो उसने विरोध किया। इस पर एक बदमाश ने उसकी पीठ पर चाकू से वार कर दिया और बैग छीन कर तीनों भाग निकले। करण के अनुसार बैग में 15 हजार रुपये और 60 हजार रुपये से ज्यादा कीमत के तीन मोबाइल थे। उधर, करण के साथ हुई लूट की वारदात की जानकारी मंगलवार को क्षेत्र के व्यापारियों को मिली तो सभी मिर्जामुराद थाने पहुंचे और पुलिस से बदमाशों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।