ज्ञानपुर। औराई के पूर्ति निरीक्षक ने राशन वितरण की जांच को लेकर रविवार को तहसील क्षेत्र की कोटे की कई दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान 14 दुकानें बंद मिलीं। उन्होंने दुकानों पर कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा है। दिघवट की दुकान पर नोटिस चस्पा किया गया।
कोटे की दुकानों से राशन वितरण की कलई रविवार को जांच के दौरान खुल गई। औराई के पूर्ति निरीक्षक दिनेश कुमार यादव ने रविवार को सार्वजनिक वितरण प्रणाली की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। सरकारी कोटे की दुकानों पर राशन वितरण की हकीकत हैरान करने वाली थी। सुबह 11 बजे निरीक्षण पर निकले पूर्ति निरीक्षक ने औराई तहसील की 20 से अधिक कोटे की दुकानों पर राशन वितरण का जायजा लेने पहुंचे। इसमें उमरहां, कुनबीपुर, गिर्दबड़गांव, चकौड़ा, नेवादा, दिघवट, भक्तापुर, नरथुआ, भक्तापुर, खेमईपुर, उधवामाफी, घमहापुर, मल्लूपुर, झिंगुरपुर, चक हरिवंश भटान की दुकानें बंद मिलीं। गौरतलब है कि ग्रामीण इलाकों में राशन वितरण की तिथियां निर्धारित की गई हैं, लेकिन कोटेदार मनमानी ढंग से वितरण करते हैं। उसी की जांच के लिए पूर्ति निरीक्षक दुकानों पर गए थे।