ज्ञानपुर। जिलाधिकारी विशाख जी की अध्यक्षता में रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान की बैठक हुई। इसमें अभियान को शत प्रतिशत सफल बनाने का निर्देश अफसरों को दिया गया। 28 जनवरी से पांच फरवरी तक आशा और एएनएम को डोर टू डोर जाकर पोलियो की खुराक पिलाने के लिए कहा।
जिलाधिकारी विशाख जी ने कहा कि 28 जनवरी को पोलियो बूथों पर पांच वर्ष तक के बच्चों को खुराक दी जाएगी, जबकि 29 जनवरी से पांच फरवरी तक घर-घर जाकर पोलियो की दवा बच्चों को पिलाई जाएगी। कोई भी बच्चा किसी भी दशा में नहीं छूटना चाहिए। एक भी बच्चा छूटा, सुरक्षा चक्र टूटा। कहा कि जिले में जीरो से पांच वर्ष के दो लाख 85 हजार 991 बच्चे हैं। सभी को पोलियो रोधी खुराक देने के लिए 633 पोलियो बूथ बने हैं। साथ ही 435 पर्यवेक्षक टीकाकरण की निगरानी करेंगे। ंपोलियो ड्रॉप पिलाने के लिए 1947 कर्मियों को लगाया गया है। चिह्नित टीमें हर रोज 100 घरों में अवश्य जाएंगी। 28 जनवरी को बूथ का शुभारंभ अधिकारियों संग ग्राम प्रधान से कराया जाए। पल्स पोलियो दिवस पर सभी विद्यालय खुले रहेंगे और एमडीएम भी बनाया जाए। इस मौके पर सीडीओ हरिशंकर सिंह, सीएमओ डॉ. सतीश सिंह, एसडीएम आशीष कुमार, एएसडीएम अमृता सिंह, सीडीपीओ रविश्वर राव आदि मौजूद रहे।