भदोही। जनपद की सीमा से सटे जौनपुर जिले के पचवल में मंगलवार को सड़क दुर्घटना के बाद नाराज लोगों के भदोही-जौनपुर हाईवे जाम करने से यातायात व्यवस्था चरमरा गई। इसका असर भदोही जिले के यातायात पर भी पड़ा। जाम के कारण धौरहरा पुल से रजपुरा चौराहे तक वाहनों की कतारें लगी रहीं। तेज धूप और उमस के बीच जाम में फंसे लोग बिलबिलाते रहे। तीन घंटे बाद पुलिस के समझाने-बुझाने के बाद जब लोगों ने जाम समाप्त किया तब यातायात व्यवस्था सुचारु हो सकी।
सुबह 10 बजे भदोही-जौनपुर मार्ग के पचवल में सड़क दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई। इससे नाराज लोगों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दिया। उसका असर यह हुआ कि अति व्यस्त भदोही-मिर्जापुर मार्ग पर यातायात बाधित हो गया। जो भी वाहन आ रहे थे सभी पचवल में जाम में फंस जा रहे थे। देखते-देखते भारी से लेकर हल्के वाहनों की लंबी कतारें लग गई। जौनपुर सीमा पर स्थित धौरहरा से लेकर भदोही नगर में विवेकानंद चौराहे से रजपुरा चौराहे तक यातायात का पहिया पूरी तरह जाम हो गया। वाहन जहां-तहां कतारबद्ध होकर ठहर गए। भीषण गर्मी में पहिए थम जाने से वाहनों में सवार यात्रियों को भारी परेशानी हुई। भदोही पुलिस ने जाम समाप्त कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। धौरहरा पुलिस चौकी प्रभारी ने बताया कि दोपहर एक बजे पचवल में जाम समाप्त हुआ तब यातायात व्यवस्था सुचारु हो सकी।