वाराणसी। शहर में जाम की समस्या की प्रमुख वजह बने अतिक्रमण के खिलाफ शुरू किए गए अभियान में गुरुवार को सातवें दिन अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई हुई। अब तक सिर्फ टिनशेड, साइनबोर्ड, होर्डिंग और रेलिंग तोड़कर आगे बढ़ जाने वाले दस्ते ने सातवें दिन के अभियान में दर्जन भर से अधिक पक्के निर्माण ढहाए। वरुणापार हुकुलगंज तिराहे पर जेसीबी से एक के बाद एक अतिक्रमणों को जमींदोज किए जाने से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। कुछ लोगों ने विरोध की भी कोशिश की लेकिन पर्याप्त फोर्स की उपलब्धता के चलते उनकी एक नहीं चली।
हुकुलगंज तिराहे पर पटरी और सड़क पर 10-15 तक कब्जा जमा लिया गया था। पक्के निर्माण करा लिए गए थे। कैंट-अंधरापुल से अतिक्रमण हटाते हुए दस्ता पहले चौकाघाट पहुंचा। इस दौरान कई अस्थाई अतिक्रमण हटाए गए। चौकाघाट से दस्ता हुकुलगंज तिराहे पहुंचा। सड़क के दोनों ओर कार्रवाई की गई। नगर निगम, जिला और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने यहां एक दर्जन से अधिक अवैध निर्माण जेसीबी से ध्वस्त कराए। इनमें सड़क कब्जा कर बनाई गईं कुछ दुकानें और रेस्टोरेंट भी शामिल थे। कई अस्थाई अतिक्रमण और गुमटियों को हटाया गया। साथ ही, दोबारा अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी गई। कार्रवाई के दौरान तिराहे पर तकरीबन घंटेभर जाम लगा रहा। कार्रवाई के दौरान संयुक्त नगर आयुक्त राकेश यादव, जोनल अधिकारी पीके द्विवेदी, सीओ चेतगंज सत्येंद्र तिवारी और एसीएम तृतीय मौजूद रहे। इन्होंने बताया कि निगरानी की जिम्मेदारी संबंधित थाने की पुलिस करेगी। दोबारा अतिक्रमण करने पर तत्काल एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तार किया जाएगा।