वाराणसी। कमिश्नर नितिन रमेश गोकर्ण ने 15 अक्तूबर को मंडल के चारों जिलों में आयोजित उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी-टीईटी) 2017 को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिलों के डीएम को निर्देशित किया। कमिश्नर बुधवार को कृषि उत्पादन आयुक्त एवं अपर मुख्य सचिव बेसिक शिक्षा राजप्रताप सिंह के साथ बैठक के दौरान वीडियो कांफ्रे सिंग से जिलाधिकारियों को निर्देशित कर रहे थे। वाराणसी में 28670 परीक्षार्थी टीईटी की परीक्षा देंगे।
राज प्रताप सिंह ने आजमगढ़ मंडल के आजमगढ़, मऊ एवं बलिया सहित तीनों तथा वाराणसी मंडल के गाजीपुर को परीक्षा के दृष्टिगत संवेदनशील बताते हुए कमिश्नर को अपने स्तर से पुन: समीक्षा कर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का निर्देश दिया। परीक्षा प्रपत्र को मजिस्ट्रेट की निगरानी में परीक्षा केंद्र तक लाने व परीक्षा संपन्न होने पर डबल लॉक तक वापस लाने के लिए निर्देशित किया। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा। वाराणसी जिले में 12 सेक्टर/मोबाइल मजिस्ट्रेट, 70 पर्यवेक्षक, चार सचल दल सहित 35 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किये गये है। परीक्षार्थी मोबाइल, कैलकुलेटर, पेजर एवं कोई इलेक्ट्रानिक डिवाइस परीक्षा केंद्र में नहीं ले जा सकेंगे। कक्ष निरीक्षक भी अपने साथ मोबाइल नहीं ले जा सकेंगे। नियत तिथि को 45 मिनट पहले परीक्षा केन्द्र का मुख्य गेट खोला जाएगा तथा 30 मिनट पूर्व परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। वीडियो कांफ्रेसिंग में डीएम वाराणसी योगेश्वर राम मिश्र, जौनपुर सर्वज्ञराम मिश्र, चंदौली हेमंत कुमार, गाजीपुर के बालाजी सहित जिला विद्यालय निरीक्षक मौजूद थे।
मंडल में 79782 परीक्षार्थी
वाराणसी। जिले में प्राथमिक के लिए प्रथम पाली में आठ परीक्षा केंद्रो पर 6672 एवं उच्च प्राथमिक के लिए द्वितीय पाली में 35 परीक्षा केंद्रों पर 21998, गाजीपुर में प्राथमिक के लिए प्रथम पाली में आठ परीक्षा केंद्रो पर 6825 एवं उच्च प्राथमिक के लिए द्वितीय पाली में 13 परीक्षा केंद्रो पर 10493 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। जौनपुर में प्राथमिक के लिए प्रथम पाली में 11 परीक्षा केंद्रों पर 8620 एवं उच्च प्राथमिक के लिए द्वितीय पाली में 20 परीक्षा केंद्रों पर 17074 तथा चंदौली में प्राथमिक के लिए प्रथम पाली में पांच परीक्षा केंद्रों पर 3038 एवं उच्च प्राथमिक के लिए द्वितीय पाली में नौ परीक्षा केंद्रों पर 5062 सहित मंडल में प्राथमिक के लिए प्रथम पाली में कुल 32 परीक्षा केन्द्रों पर 25155 एवं उच्च प्राथमिक के लिए द्वितीय पाली में 77 परीक्षा केंद्रों पर 54627 परीक्षार्थी शामिल होंगे।