वाराणसी कश्मिनरेट पुलिस में तीन निरीक्षकों और आठ उप निरीक्षकों ने पिछले दो माह से एक भी केस डायरी नहीं लिखी है। विवेचनाओं में लापरवाही बरतने पर 11 विवेचकों को पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने चेतावनी पत्र जारी किया है।
यही नहीं, पुलिस आयुक्त ने नाराजगी जाहिर करते हुए विवेचकों के सर्विस रिकार्ड में भी इस कार्रवाई को दर्ज करने का आदेश दिया है। इस कार्रवाई से महकमे में खलबली मची हुई है।
पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने बताया कि लालपुर-पांडेयपुर प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने सारनाथ थाने के आठ मुकदमों में पिछले दो माह से कोई पर्चा नहीं कटा। शिवपुर प्रभारी निरीक्षक सधुवन राम ने सारनाथ थाने के पांच मुकदमों के विवेचना में कोई काम नहीं किया।
शिवपुर थाने के क्राइम इंस्पेक्टर नरेंद्र कुमार मिश्र ने भी थाने में दर्ज सात मुकदमों के विवेचनाओं में केस डायरी नहीं लिखी। जबकि सिगरा थाने के उप निरीक्षक प्रकाश सिंह चौहान के पास 14 विवेचना लंबित है। सिगरा के ही उप निरीक्षक पर 17 विवेचनाएं, कैंट थाने के उप निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा पर 10 विवेचनाएं, लंका के उप निरीक्षक प्रभाकर सिंह और उप निरीक्षक प्रीतम तिवारी पर पांच- पांच विवेचनाएं लंबित हैं।