खाने में छिपकली गिरने से बीमार छात्र मिर्जापुर के मंडलीय अस्पताल में।
- फोटो : अमर उजाला
मिर्जापुर में विन्ध्याचल के अमरावती रोड पर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय आश्रम पद्धति विद्यालय परसिया में शुक्रवार की रात साढे़ नौ बजे खाने में छिपकली गिर जाने के बाद दूषित खाना खाने से लगभग सौ छात्र बीमार हो गए।
सभी छात्रों को मंडलीय अस्पताल और विन्ध्याचल सीएचसी में भर्ती कराया गया है। देर रात डीएम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए थे। रात को विद्यालय के मेस में दाल, चावल, रोटी और बजरबट्टू की सब्जी बनी हुई थी।
सब्जी में छिपकली गिर के भुन गई थी। छात्रों ने खाना खाया तो अधिकांश के पेट में दर्द होने लगा। कई छात्रों को उल्टियां भी होने लगी। बच्चों की यह दशा देख कर अध्यापक भी घबरा गए।
डिप्टी डायरेक्टर बोले, जांच कराई जाएगी
खाने में छिपकली दिखाता छात्र।
- फोटो : अमर उजाला
बीमार छात्रों में शशिधर, आशीष कुमार, सत्यप्रकाश, जय प्रकाश, प्रांजल, शैलेश, दया, अविनाश, आकर्ष, नीरज, मुकेश, शिवम, दयाशंकर, विशाल, अखिलेश कुमार आदि शामिल थे।
पुलिस के साथ ही 108 नंबर की एंबुलेस को सूचना दे कर बुलवा लिया। रात सवा दस बजे दो एंबुलेंस में 60 छात्रों को मंडलीय अस्पताल लाया गया।
समाज कल्याण के डिप्टी डायरेक्टर आर के यादव मौके पर पहुंचे, उन्होंने कहा कि सब्जी में छिपकली गिरने की बात सामने आ रही है। इसकी जांच कराई जाएगी। खाना बनाने वाले ठेकेदार के कार्यों की भी जांच और उससे पूछताछ की जाएगी।
घटना की जानकारी होने पर जिलाधिकारी विमल कुमार दुबे विंध्याचल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए और भर्ती बच्चों का हाल जाना।