वाराणसी के काशी हिंदू विश्वविद्यालय में पढ़ रहे विदेशी छात्र-छात्राओं के स्वागत में शुक्रवार को डिजिटल दिवाली बनी। काशी में पहली बार मनाई गई इस डिजिटल दिवाली का साक्षी बीएचयू का स्वतंत्रता भवन बना।
रंग बिरंगी आतिशबाजी देख विदेशी छात्र मुग्ध तो हुए ही साथ ही उनके बीच प्रदूषण मुक्त दिवाली का संदेश भी दिया गया। इसके पहले स्वतंत्रता भवन में अलग अलग देशों की सांस्कृतिक छटा देखकर भी सभी मुग्ध हुए।
हिंदू हेरिटेज फाउंडेशन, बीएचयू और आईसीसीआर की ओर से आयोजित दिवाली उत्सव कार्यक्रम में 63 देशों के विदेशी छात्र-छात्राओं ने शिरकत की। सभी का स्वागत तिलक और इत्र की खुशबू लगाकर किया गया।
अतिथि के तौर पर विदेश मंत्रालय की निदेशक सुश्री पद्मजा, आईसीसीआर के पूर्व महानिदेशक अमरेंद्र खटुआ, सैयद महमूद अख्तर मौजूद रहे। शुभारंभ थाइलैंड के छात्रों ने बांसुरी वादन से किया।