केस 1: सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के करंजाकला बाजार में बीते बुधवार की रात में थार, स्कार्पियो और अर्टिगा कार सवार बदमाशों ने ईंट-भट्ठा कारोबारी विपिन यादव (32) की कार रोककर चार राउंड फायरिंग की गई थी। गोली विपिन के सीने और उसके साथ मौजूद अंश (16) के घुटने में लगी। इस गोलीकांड में पुलिस ने अंकित पाल, करिया यादव, रंजीत प्रजापति, धीरज यादव और मोनू यादव को गिरफ्तार किया। सभी पर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
वहीं, गोली चलाने वाले सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के ओमकार सिंह और खेतासराय थाना क्षेत्र के प्रशांत सिंह की भी पुलिस ने पहचान कर ली है। जांच में पता चला कि सभी पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। यही नहीं, घायल बबरखा निवासी विपिन यादव उर्फ मखंचू भी हिस्ट्रीशीटर है। वह कुछ महीने पहले ही जेल से छूटा था। पुलिस ने निगरानी नहीं की और न ही आरोपियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई थी। इस मामले में सरायख्वाजा थाने के छह पुलिसकर्मी निलंबित किए गए हैं।
केस 2: लाइन बाजार थाना क्षेत्र के रामदयालगंज बाजार में विशाल यादव उर्फ बिच्छी (25) की हत्या कर दी गई। मामले में तीन लोगों पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले में चांदपुर निवासी मनीष यादव और गहोरा निवासी नीरज यादव को गिरफ्तार किया गया। जांच में पता चला कि मृतक विशाल यादव उर्फ बिच्छी पर साल 2019, 21, 22, 23 और 2026 में 6 आपराधिक मामले लाइन बाजार थाने में दर्ज हैं। जबकि मनीष पर 12 और नीरज पर 9 आपराधिक मामले हैं।
ये आपराधिक मामले नीरज पर साल 2021 से लेकर 2025 तक और मनीष पर साल 2016 से लेकर 2026 तक गंभीर आरोपों में दर्ज हैं। यही नहीं, मामले की जांच में पता चला कि कुछ महीने पहले भी ये मारपीट सहित अन्य घटनाओं में शामिल थे। लेकिन, पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। हिस्ट्रीशीट खोलकर उनपर निगरानी भी नहीं की। लाइन बाजार थाना के चार पुलिसकर्मियों को दोषी मानते हुए उन्हें निलंबित कर दिया गया।
निलंबित पुलिसकर्मियों की सूची
सरायख्वाजा थाना
उप निरीक्षक गोविंद मौर्य
उप निरीक्षक खलीकुज्जमा
मुख्य आरक्षी मनोज गौड़
मुख्य आरक्षी शशि प्रकाश सिंह
मुख्य आरक्षी धनंजय यादव
आरक्षी अक्षय कुमार
लाइन बाजार थाना
उप निरीक्षक राम भरोसराम
उप निरीक्षक धनजी चौधरी
मुख्य आरक्षी मुकेश कुमार सिंह
आरक्षी विश्वास यादव
विनीत राय एसपी के नये पीआरओ
मछलीशहर थाने पर प्रभारी निरीक्षक विनीत राय का स्थानांतरण हो गया है। वह एसपी के पीआरओ बनाए गए हैं। विनीत राय 18 महीने तक मछलीशहर के प्रभारी निरीक्षक रहे। सीओ मछलीशहर परमानंद कुशवाहा ने बताया कि उनके स्थान पर सतीश सिंह को नया प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। वे इसके पहले एसपी के पीआरओ थे।