उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने सम्मिलित अवर अधीनस्थ सेवा (सामान्य चयन) मुख्य परीक्षा-2008 का परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिया।
मुख्य परीक्षा पिछले साल जनवरी में आयोजित हुई थी। इस तरह से अभ्यर्थियों को रिजल्ट के लिए तकरीबन दो साल इंतजार करना पड़ा। कुल 1142 पदों के लिए 4096 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं।
परीक्षा नियंत्रक पीएन दुबे ने बताया कि 980 अभ्यर्थी कई पदों के लिए पास हुए हैं। इस तरह से सफल होने वाले अभ्यर्थियों की वास्तविक संख्या 3116 है। साक्षात्कार की तिथि बाद में घोषित की जाएगी।
अभ्यर्थियों को रिजल्ट का काफी दिनों से इंतजार था लेकिन अलग-अलग कारणों से टलता गया। ऐसे में शुक्रवार को रिजल्ट घोषित हुआ तो बड़ी संख्या में अभ्यर्थी आयोग कार्यायल पहुंचे थे। रिजल्ट देर शाम घोषित हुआ लेकिन अभ्यर्थियों का काफी पहले ही जमावड़ा हो गया था।
एडीओ के लिए 601, सीडीपीओ के 378, पर्यवेक्षक केलिए 200 तथा ऑडिटर कोऑपरेटिव के लिए 43 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं। अन्य पदों के लिए 2874 अभ्यर्थी सफल हुए हैं। परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि रिजल्ट हाईकोर्ट के आदेश के अधीन रहेगा। उन्होंने बताया कि प्राप्तांक आदि सूचनाएं अंतिम रिजल्ट घोषित होने के बाद ही दी जाएंगी।