यूपी विधानसभा चुनाव की अभी तक की मतगणना तो भाजपा के पक्ष में जा रही है लेकिन राज्य के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के जिले की तीनों विधानसभा सीटों पर सपा बढ़त बनाए हुए है।
उत्तर प्रदेश समेत पांचों राज्यों में विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना जारी है। उत्तर प्रदेश में रुझान एक बार फिर से भाजपा की सरकार बनते हुए दिखा रहे हैं। लेकिन, प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के जिले कौशांबी की तीनों विधानसभा सीटों पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आगे चल रहे हैं। खुद सिराथू से चुनाव लड़ रहे मौर्य भी सपा की पल्लवी पटेल से पीछे चल रहे हैं। पल्लवी 455 वोट से आगे चल रही हैं।
विज्ञापन
इसके अलावा मंझनपुर विधानसभा सीट से सपा उम्मीदवार इंद्रजीत सरोज भी 1340 वोटों से भाजपा के उम्मीदवार लाल बहादुर से आगे चल रहे हैं। जिले की चायल विधानसभा सीट से भी सपा की पूजा पाल 575 वोट से आगे चल रही हैं।
साल 2017 के विधानसभा चुनाव में सिराथू विधानसभा सीट से भाजपा के शीतला प्रसाद ने जीत हासिल की थी। उन्होंने सपा के उम्मीदवार वाचस्पति को 26 हजार से अधिक मतों के अंतर से हराया था। मंझनपुर विधानसभा सीट पर साल 2017 के चुनाव में भाजपा के लाल बहादुर ने 92,818 वोट हासिल कर जीत दर्ज की थी। सपा के इंद्रजीत सरोज 88,658 वोटों से दूसरे स्थान पर रह गए थे। छैल विधानसभा सीट पर 2017 में भाजपा के संजय कुमार 85713 वोटों से जीते थे।