अमरोहा और मुरादाबाद में युवाओं, महिलाओं और आम लोगों के चुनावी मुद्दों को जानने के बाद 'अमर उजाला' का चुनावी रथ 'सत्ता का संग्राम' राजनीतिक दलों के नेताओं के बीच पहुंचा।
मुरादाबाद में राजनीतिक दलों का चुनावी एजेंडा क्या होगा? जाति-धर्म और बयानों पर सियासत होगी या इस बार कुछ नया देखने को मिलेगा? सत्ताधारी पार्टी भाजपा ने साढ़े चार साल में क्या किया? विपक्ष सरकार के कामकाज को लेकर क्या सोचती है? इन सवालों का जवाब जानने के लिए 'अमर उजाला' का चुनावी रथ 'सत्ता का संग्राम' राजनीतिक दलों के नेताओं के बीच पहुंचा। बुद्धि विहार स्थित आर्यंस इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित इस कार्यक्रम में नेताओं के साथ उनके समर्थक भी मौजूद रहे। पढ़िए किसने क्या कहा?
विज्ञापन
भाजपा ने क्या कहा?
सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी का पक्ष जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शेफाली सिंह ने रखा। डॉ. शेफाली ने सरकार की कई योजनाएं और कामों की गिनती कराई। कहा, भाजपा सरकार में महिलाओं के प्रति होने वाली हिंसा और घटनाओं पर रोक लगाया गया। कानून व्यवस्था बहुत ज्यादा बेहतर हुआ है। अब गुंडे अपराधी गलत काम करने से डरते हैं। बदमाशों में सरकार और पुलिस का खौफ है।
डॉ. शेफाली ने कोरोनाकाल के दौरान सरकार के उठाए कदमों की जानकारी भी दी। कहा कि मुरादाबाद में सरकार ने कहीं भी ऑक्सीजन की कमी नहीं होने दी। हर किसी को अच्छा इलाज मिला। सीएचसी-पीएचसी तक में ऑक्सीजन की व्यवस्था कराई गई।
विज्ञापन
समाजवादी पार्टी के नेता ने क्या कहा?
समाजवादी पार्टी के जिला और महानगर अध्यक्ष डीपी यादव ने सरकार पर निशाना साधा। कहा कि भाजपा सरकार में कोई काम नहीं हुआ है। युवा बेरोजगार हैं। कोरोना के हुई मौतों का सही आंकड़ा भी सरकार के पास नहीं है। सरकार कोरोना को लेकर झूठ फैला रही है। अकेले मुरादाबाद में ही 10 से 15 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। सरकार ने 1.75 लाख शिक्षामित्रों को बेरोजगार कर दिया।
बसपा नेता ने क्या कहा?
बहुजन समाज पार्टी की तरफ से अरविंद गुप्ता ने कार्यक्रम में शिरकत की। कहा, कोरोना के चलते 1600 से ज्यादा शिक्षकों की मौत हुई। सरकार ने केवल तीन मौतों की बात ही स्वीकार की। गरीबों को इलाज नहीं मिला। सड़कों पर ऑक्सीजन के चलते गरीबों ने दम तोड़ दिया।
आम आदमी पार्टी का क्या है मुद्दा?
आम आदमी पार्टी की तरफ से डॉ. एपी सिंह शामिल हुए। डॉ. सिंह ने भाजपा सरकार में कोई काम नहीं हुआ है। अपराध बढ़ गए हैं। विकास का कोई काम भाजपा के नेता नहीं गिना सकते हैं। युवा बेरोजगार हैं और कारोबारी परेशान हैं। किसानों का उत्पीड़न हो रहा है।