विश्व हिंदू परिषद के पूर्व प्रमुख प्रवीण तोगड़िया ने कहा है कि भाजपा के लिए उत्तर प्रदेश चुनाव जीतने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने इसकी बड़ी वजह किसानों की नराजगी को बताया है।
जौनपुर के मछलीशहर में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने चुनावी रैली की। यहां उन्होंने स्वामी प्रसाद मौर्य पर हुए हमले पर कहा कि जब से स्वामी प्रसाद मौर्य सपा में आए हैं, तब से भाजपा के होश उड़ गए हैं। उनके आने से जो ताकत बढ़ी उससे घबराकर कल उन पर हमला हुआ। उनके साथ जितनी गाड़ियां चल रही थीं उन सब गाड़ियों को तोड़ने का काम किया, बहुत सारे लोगों को चोटें आई हैं।
आजमगढ़ के सगड़ी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इन लोगों ने आजमगढ़ ही नहीं, उत्तर प्रदेश के नौजवानों के सामने भी पहचान का संकट खड़ा किया था। आजमगढ़ का नौजवान उत्तर प्रदेश के बाहर जाता था तो उसे होटल में कमरा नहीं मिलता था।
आजमगढ़ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि तीसरे चरण से ही रुझान को देखते हुए सपा और बसपा के कई नेताओं ने विदेश भागने के लिए अपनी बुकिंग शुरू कर दी है। उनके गुर्गे नेपाल भागने की फिराक में होंगे लेकिन हमने ज्वाइंट पेट्रोलिंग शुरू कर दी है, ये भागने न पाएं इनकी गर्मी यहीं निकालेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मऊ में जनसभा की। यहां उन्होंने कहा कि जो लोग गुमराह करने का काम कर रहे हैं उनसे पूछा जाना चाहिए कि जिन माफियाओं को टिकट दिया गया है, ये माफिया यहीं पर इन गरीबों की जमीनों पर कब्जा करते थे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि ये लोग इतने असंवेदनशील हैं कि दिव्यांग, वृद्ध और असहाय की पेंशन का पैसा भी खा जाते थे। आज भी इन लोगों की सोच वही है। इन लोगों की नजर आपके विकास के लिए आए हुए पैसों पर है। इसलिए आपको इन परिवारवादियों से सावधान रहना बहुत जरूरी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि परिवारवादियों के शासन में यहां की पहचान माफिया और बाहुबली बन गए थे। ये पहचान बदलने वालों को सजा देने का ये मौका है। आपको वोट देकर सजा देनी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गाजीपुर में जनसभा को संबोधित कर रहे हैं। यहां उन्होंने कहा कि यूपी के विकास के लिए डबल इंजन सरकार को आपका एक-एक वोट नई ऊर्जा देगा। आपका एक-एक वोट उन घोर परिवारवादियों को भी करारा जवाब देगा, जिन्होंने इस क्षेत्र को इतने दशकों तक विकास से वंचित रखा।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने चंदौली में चुनावी रैली की। यहां उन्होंने कहा कि अगर भ्रष्टाचार को रोकना है तो सिस्टम में बदलाव लाना होगा और ये काम हमारी सरकार ने किया है।
चंदौली में गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पहले छर्रे की गोलियां और कट्टे बनते थे, जो हमारे लोगों को डराने और मारने के काम आते थे। आज गोले और मिसाइल बन रही हैं, जो पाकिस्तान से भारत माता की रक्षा करने के काम आती हैं।
उत्तर प्रदेश के चंदौली में गृह मंत्री अमित शाह ने चुनावी रैली की। यहां उन्होंने कहा कि पांच चरणों के चुनाव में सपा-बसपा का सूपड़ा साफ हो गया है और उत्तर प्रदेश की जनता ने भाजपा की सरकार बनाने का काम पूरा कर लिया है। छठे और सातवें चरण में अब 300 पार ले जाने का काम आपको करना है।
सोनभद्र में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इन घोर परिवारवादियों ने कदम-कदम पर भारत का अपमान करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। ये अपमान यूपी के लोगों का अपमान है। आजादी के बाद इन लोगों को जब-जब सरकार बनाने का मौका मिला इन्होंने आपको पीछे रखने का काम किया, ऐसे लोगों को कभी माफ मत करना।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जो लोग आत्मनिर्भर भारत अभियान का मजाक उड़ाते हों, भारत की सेनाओं के अपमान करते हों, भारत के उद्यमियों की मेहनत से चल रहे मेक इन इंडिया अभियान का मखौल उड़ाते हों। वो घोर परिवारवादी लोग भारत को कभी ताकतवर नहीं बना सकते।
जौनपुर में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने यूक्रेन में फंसे भारतीयों के मामले में केंद्र सरकार पर हमला बोला। अखिलेश ने कहा कि दुनिया के बाकी देश अपने नागरिकों को लेकर चले गए, क्या भारत सरकार सो रही थी? हजारों की संख्या में आज भी बच्चे यूक्रेन में फंसे हैं जिसके लिए सरकार कुछ नहीं कर रही है।
सोनभद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि ये भारत का बढ़ता सामर्थ्य है कि हम यूक्रेन में फंसे हमारे देश के नागरिकों को वहां से सुरक्षित निकालने के लिए इतना बड़ा अभियान चला रहे हैं। ऑपरेशन गंगा के तहत कई हजार नागरिकों को वहां से देश वापस लाया जा चुका है। संकट में फंसे भारतीयों को ज्यादा तेजी से निकालने के लिए हमारी सेना और वायुसेना को भी लगा दिया गया है। मैं आज देश के लोगों को भी ये विश्वास दिलाता हूं कि भारत सरकार अपने नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए कोई कोर-कसर बाकी नहीं छोड़ेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोनभद्र पहुंच गए हैं। मोदी थोड़ी देर में यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करेंगे।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मिर्जापुर में चुनावी रैली कर रहे हैं। यहां उन्होंने कहा कि लक्ष्मी जी घर में आती हैं तो हाथी पर बैठकर, साइकिल चलाकर और हाथ हिलाते हुए कभी नहीं आती हैं, लक्ष्मी जी घर आती हैं तो केवल कमल के फूल पर बैठकर ही आती हैं।
अखिलेश ने कहा कि पिछले तीन साल में बच्चों की पढ़ाई चौपट हो गई। आज सरकार के 11 लाख पद खाली हैं। 11 लाख पद भर दिए होते तो हमारे बहुत से नौजवानों को नौकरी और रोजगार मिल जाता। सपा की सरकार आने पर इन पदों पर भर्ती होगी।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव जौनपुर जिले के बदलापुर में चुनावी रैली को संबोधित कर रहे हैं। यहां उन्होंने कहा कि जब ये पिछली बार वोट मांगने आए थे तब सिलेंडर फ्री दिए थे। अब जब वोट मांगने आ रहे हैं तब सिलेंडर की कीमत चार सौ से बढ़कर एक हजार हो गई। ये दोबारा आ गए तो पेट्रोल दो सौ रुपए लीटर बिकेगा। जब किसानों को खाद चाहिए थी तो खाद की बोरी से पांच किलो की चोरी हो गई। अब अगर दोबारा आ गए तो दस किलो की चोरी हो जाएगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मऊ में कहा कि पिछले पांच साल में पांच लाख नौजवानों को नौकरी दी है और दो करोड़ नौजवानों को स्वत: रोजगार से जोड़ा है। अगले पांच साल के लिए सरकार ने तय किया है कि उत्तर प्रदेश में हर एक परिवार के सदस्य या स्वत: रोजगार उपलब्ध कराएंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मऊ में चुनावी रैली की। यहां उन्होंने कहा कि 10 मार्च के बाद उज्जवला योजना के सभी लाभार्थियों को होली और दीवाली में एक-एक गैंस सिलेंडर मुफ्त मिलेगा। बेटी के जन्म पर हम 25 हजार रुपए देंगे। 60 साल से ऊपर जितनी भी महिलाएं और बहनें हैं उन्हें मुफ्त में उत्तर प्रदेश परिवहन बसों में सफर कराएंगे।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी आज मऊ जिले के मधुबन विधानसभा क्षेत्र में चुनावी रैली करेंगी।
आज से पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी वाराणसी दौरे पर हैं। गुरुवार को ममता बनर्जी सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ रैली को संबोधित करेंगी। रैली के चलते वह बुधवार दोपहर बाद काशी पहुंचकर सबसे पहले पर मां गंगा का आशीष पाने के लिए गंगा आरती में शामिल होंगी। कल ऐढ़े में सुबह 11 बजे से संयुक्त रैली को संबोधित करेंगी। साथ ही रोड शो में भी शामिल होंगी। पढ़ें पूरी खबर..
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सोनभद्र और गाजीपुर में जनसभा को संबोधित करेंगे। इन जिलों में सातवें चरण में मतदान होना है। सीएम योगी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव समेत कई दिग्गज नेता अलग-अलग जिलों में रैली और रोड शो करेंगे।
यूपी का रण आहिस्ता-आहिस्ता छठवें फाटक पर पहुंच गया। छठवें-सातवें दौर को जोड़ लें तो कुल 111 सीटें ही बची हैं, जिनपर मतदान होना है। यानी जंग निर्णायक दौर में पहुंच गई है। वह दौर जहां करो-मरो की स्थिति है। जिसने जितने ज्यादा गढ़ों पर कब्जा कर लिया, सत्ता उसी के हाथ होगी। पर, यह सब कुछ इतना आसान नहीं। ऊपरी तौर पर देखें तो यहां जातियों की गोलबंदी है। जातियों की रहनुमाई का दम भरने वाले दल और उनके नेता भी हैं। ये दल भी भगवा और समाजवादी खेमों में बंटे हैं। जातीय आधार पर बने इन दलों को यकीन है कि उनके साथ पूरी बिरादरी है। पर, ऐसा भी नहीं है। करीब से देखें तो बहुत से सवाल हैं। बहुत से उलझाव हैं। सबसे बड़ा सवाल तो यही है कि उनका नेता जिस खेमे में है, वहां उसकी सियासी हैसियत क्या होगी? उस खेमे में कौन-कौन सी जातियां हैं? क्या उन जातियों के दबाव में उनका हक तो नहीं छिन जाएगा? ये सवाल भी लोगों के जेहन में कहीं गहरे हैं। ऐसे में निसंदेह समीकरणों के बेहद उलझाव वाले दौर में चुनाव पहुंच चुका है। पढ़ें महेंद्र तिवारी व सुधीर कुमार सिंह की रिपोर्ट...