सपा के जिलाध्यक्ष रामपाल सिंह यादव ने कहा कि 2017 में भाजपा ने कहा था कि सरकार बनने के 100 दिन के अंदर महंगाई कम कर देंगे। आज महंगाई और भी बढ़ती जा रही है। आम नागरिकों की कमर टूट चुकी है। भाजपा ने कहा था कि किसानों की आय दोगुनी कर देंगे, आज किसान खून के आंसू रो रहे हैं। युवाओं के लिए दो करोड़ रोजगार का वादा किया था। आज युवा पढ़ाई करने के बाद बेरोजगार घूम रहे हैं।
सपा नेता ने खाद का भी मुद्दा उठाया। कहा कि आज किसानों को डीएपी खाद नहीं मिल रही है। भाजपा नेताओं ने खाद को स्टॉक में रख लिया है। आरोप लगाया कि मोदी-शाह के कार्यक्रमों में सरकारी कर्मचारियों को जबरन बुलाया जाता है। एक-एक हजार रुपए देकर रैली में भीड़ जुटाई जाती है।
कांग्रेस के जिलाध्यक्ष प्रहलाद पटेल ने कहा कि देश की आजादी के बाद से लेकर अब तक जो देश में संस्थानें दिख रही हैं, उसे कांग्रेस ने ही बनवाई है। भाजपा, बसपा, सपा ने यहां कुछ नहीं किया। कांग्रेस ने महिलाओं को राजनीति में 40% आरक्षण दिया। पूरे देश में सड़कें बनवाई। कई उद्योग, कारखाने लगवाए। आज उन सभी चीजों को भाजपा की सरकार केवल बेचने में जुटी हुई है।
आम आदमी पार्टी के नेता शिव कुमार सिंह चौहान ने कहा कि भाजपा, सपा, बसपा और कांग्रेस से अब आम जनता परेशान हो चुकी है। हर कोई इनसे छुटकारा चाहता है। अब अरविंद केजरीवाल की तरफ जनता देख रही है। हम आम आदमी की बात सुनेंगे। भाजपा, कांग्रेस, सपा के लोग केवल सत्ता का भोग कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश और लखीमपुर खीरी में बिजली, बेरोजगारी, महंगाई और कानून व्यवस्था की बड़ी समस्या है।
लखीमपुर खीरी, उत्तर प्रदेश चुनाव 2022
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा के जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने कहा कि हमारी पार्टी सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के नारे को साथ लेकर काम कर रही है। पूरे जनपद में सड़कों को चौड़ा किया जा रहा है। विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं।
किसान प्रदर्शन और किसानों पर गाड़ी चढ़ाने के आरोपों पर कहा कि ये सब झूठे किसान हैं। असली किसान खेतों में काम कर रहा है। असली किसान एसी में नहीं रहता है। महंगाई के मुद्दे पर सुनील कुमार ने कहा कि सरकार गरीबों को मुफ्त राशन दे रही है। सभी को मुफ्त वैक्सीन लगाई जा रही है। किसानों को सम्मान निधि दिया जा रहा है। सरकार बनते ही 86 लाख किसानों का कर्ज माफ कर दिया गया।