दूसरे की जमीन की फर्जी तरीके से रजिस्ट्री करने वाला वाला गिरफ्तार
आरोपी युवक पुरवा कोतवाली के मझखोरिया गांव का निवासी
संवाद न्यूज एजेंसी
नवाबगंज। दूसरे की जमीन को अपनी बताने और फर्जी कागजात तैयार कर रजिस्ट्री करने के एक और आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में खुद को जमीन का मालिक बताने वाले आरोपी को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है।
अजगैन कोतवाली के नवाबगंज कस्बे में कुसुंभी रोड निवासी अंकुश गुप्ता ने 29 नवंबर 2023 को पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि 30 अक्तूबर 2023 को मद्दूखेड़ा गांव की एक जमीन सोहरामऊ थानाक्षेत्र के भजनखेड़ा निवासी रामकिशोर से बैनामा कराई थी। पीड़ित ने आरोप लगाया था कि 15 अक्तूबर 2023 को कुसुंभी निवासी नूर मोहम्मद उर्फ बउवा, पुरवा के इब्राहिमपुर निवासी अमित और शहर के मोतीनगर निवासी दिनेश उसके (अंकुश के) घर आए और जमीन बिक्री का रुपया नगद देने को कहा। पीड़ित ने नगद रुपये देने से इन्कार कर दिया। इसके बाद 16 अक्तूबर 2023 को दिनेश व अन्य लोगों ने कस्बे की एसबीआई शाखा में एक बचत खाता खोलवाया। इसपर सात, सात लाख रुपये के दो चेक और एक लाख रुपए नगद लेकर जमीन की रजिस्ट्री कराने पहुंचा तो पता चला कि इन लोगों ने फर्जीवाड़ा कर दूसरे की जमीन को अपनी बताकर फर्जी तरीके से बेचने का प्रयास कर रहे हैं। जिन लोगों को घर लाया गया था वह दूसरे स्थानों के रहने वाले हैं। फर्जी आईडी बनाकर ई गई है। जिस दिनेश को शहर का निवासी दर्शाया गया था वह पुरवा कोतवाली के मझखोरिया गांव का रहने वाला है। नवाबगंज चौकी इंचार्ज धर्मेंद्र नाथ मिश्रा ने बताया कि आरोपी दिनेश को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। बताया कि खुद को जमीन मालिक बताने वाले रामकिशोर का असली नाम विनोद है और वह अचलगंज थाना क्षेत्र के रायपुर सातन का रहने वाला था। उसे पहले ही जेल भेजा जा चुका है। दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।