उन्नाव। समाजवादी पार्टी के पूर्व कैबिनेट मंत्री व राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रोफेसर अभिषेक मिश्रा का औरैया जाते हुए रास्ते में गदनखेड़ा बाईपास चौराहा स्थित एक होटल में सपाइयों ने जोरदार स्वागत किया।
स्वागत करने वालों में शामिल सपा व्यापार सभा के पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश मिश्रा व राहुल अग्निहोत्री से उन्होंने 2022 के लिए अभी से जुटने को कहा। इस दौरान पूर्व मंत्री अभिषेक मिश्रा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में चिकित्सा का स्तर एकदम गिर चुका है। कोरोना जैसी महामारी में लोग मर रहे हैं पर प्रदेश सरकार का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। हत्याओं का ग्राफ बढ़ा हुआ है।
राजेश मिश्रा ने पूर्व मंत्री को भरोसा दिलाया कि वह सभी मिलकर पूरी ताकत के साथ छह विधानसभाओं में घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात करेंगे और सपा कार्यकाल के दौरान लागू की गई योजनाओं की जानकारी देंगे। साथ ही 2022 में अखिलेश यादव को एक बार पुन: मुख्यमंत्री बनाने के लिए जी तोड़ मेहनत करेंगे। कार्यकर्ताओं में सानू, इम्तियाज खान, जीशान खान, रमन दीक्षित, सुधांशु शुक्ला, शिवम अवस्थी, विनायक जायसवाल, अमित व पप्पू यादव आदि मौजूद रहे।