उन्नाव। ब्लॉक नवाबगंज की ग्रामसभा अजीजपुर में मनरेगा में घोटाले की शिकायत पर हुई जांच रिपोर्ट को ग्रामीणों के नकारे जाने के बाद सीडीओ ने नए सिरे से टीम गठित कर दी है। टीम के सदस्यों को एक सप्ताह में जांच रिपोर्ट देने के आदेश दिए गए हैं।
अजीजपुर गांव के ललउनू, इश्तियाक खान, प्रदीप कुमार और कौशलेंद्र ने मनरेगा कार्यों में घोटाले का आरोप लगाते हुए सीडीओ व आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत की थी। आरोप लगाया था कि फर्जी तरीके से अपंग लोगों को मनरेगा मजदूर दिखाकर उनके खातों में पैसा भेजा जा रहा है। साथ ही मृतकों के नाम भी मनरेगा मजदूरों की सूची में शामिल होने का आरोप लगाया था। पूर्व में मामले की जांच समाज कल्याण अधिकारी (विकास) ललिता यादव ने की थी। ग्रामीणों ने जांच में लीपापोती का आरोप लगा दोबारा जांच कराने की मांग की थी। इस पर सीडीओ दिव्यांशु पटेल ने दो सदस्यीय नई जांच टीम गठित की है। टीम में जिला विकास अधिकारी मनीष कुमार और मनरेगा उपायुक्त राजेश कुमार झा को शामिल किया है। सीडीओ ने बताया कि जांच टीम को नए सिरे से जांच करके एक सप्ताह में रिपोर्ट देने के आदेश दिए गए हैं।