निर्माणाधीन राजकीय हाईस्कूल बिछिया का निरीक्षण करते नोडल एमवीएस रामी रेड्डी व डीएम सीडीओ।
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। अपर मुख्य सचिव एमवीएस रामी रेड्डी ने विकास भवन सभागार में शासन द्वारा निर्धारित महत्वपूर्ण 37 बिंदुओं में से विकास कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने विकास योजनाओं की प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए। सभी जिलास्तरीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि ज्यादातर योजनाओं को अक्तूबर तक पूर्ण कराएं।
कहा कि शासन द्वारा प्रत्येक योजना की ग्रेडिंग की जा रही है। इसलिए सभी अधिकारी तेजी से कार्य कराएं। सभी कार्यालयाध्यक्ष अपने-अपने विभागों से जुड़े कार्यों का अभिनव प्रयोग करने की कोशिश करें। अपर जिलाधिकारी राकेश सिंह से बाढ़ की तैयारियों की जानकारी ली। पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को सड़कों के निर्माण की प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सड़कों के चौड़ीकरण में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए। नहरों में टेल तक पानी पहुंचाएं। बीएसए से विद्यालयों में हुए कायाकल्प के कार्यों की स्थिति जानी। कहा कि प्रत्येक स्कूल में शौचालय और पीने के पानी की उचित व्यवस्था होनी चाहिए। स्कूलों में मास्क आदि की व्यवस्था भी रखी जाए। सीएमओ को निर्देश दिए कि शेष बचे लाभार्थियों को जल्द ही गोल्डन कार्ड वितरित किए जाएं।
राजकीय हाईस्कूल की दीवारों में सीलन, नोडल अधिकारी नाराज
बिछिया/मौरावां संवाद के अनुसार मुख्यमंत्री की घोषणा वाली 50 लाख से अधिक लागत की परियोजनाओं का अपर मुख्य सचिव उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण व जिले के नोडल अधिकारी ने निरीक्षण किया। बिछिया में निर्माणाधीन राजकीय हाईस्कूल की दीवारों में सीलन देख उनका पारा चढ़ गया। कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को फटकार लगाई और तुरंत ठीक कराने के निर्देश दिए। चेतावनी दी कि गुणवत्ता में सुधार न किया तो ब्लैक लिस्ट कर दिया जाएगा।