रविवार शाम बारिश के बीच निकलते स्कूटी सवार। संवाद
- फोटो : UNNAO
उन्नाव/पाटन। रविवार को शहर में हल्की और बीघापुर तहसील क्षेत्र में तेज बारिश हुई। इससे एक तरफ शहरवासी उमस से परेशान रहे। दोपहर को आधा घंटे की तेज बारिश से गलियों में जलभराव हो गया। वहीं बीघापुर में रास्तों में पानी भर जाने से जलभराव की समस्या से लोगों को आवागमन में दिक्कतें आईं।
शनिवार रात से ही आसमान में बादल छा गए थे। रविवार सुबह तो तेज धूप निकली लेकिन दोपहर में अचानक मौसम बदला और शहर में बारिश शुरू हो गई। हालांकि कुछ ही देर में बारिश बंद हो गई। जिससे उमस में इजाफा हो गया।
वहीं, बीघापुर क्षेत्र में रविवार को रुक-रुक कर हुई बरसात से बिहार-खीरो संपर्क मार्ग के गड्ढों में जलभराव हो गया। बिहार-खीरो संपर्क मार्ग की लंबाई लगभग 10 किलोमीटर है। इसमें लगभग 5 किलोमीटर मार्ग पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है तथा बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। रविवार को बारिश से गड्ढों में पानी भर गया। जिससे लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।