उन्नाव। शक्ति की आराधना के पर्व नवरात्र में बक्खाखेड़ा स्थित राजकीय महाविद्यालय प्रांगण में नौ दिवसीय महिला सुरक्षा अभियान उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।
महाविद्यालय के शारीरिक शिक्षा प्रभारी डॉ. राकेश कुमार तिवारी ने बताया कि 25 अक्तूबर तक दो सत्रों में इस अभियान को चलाया जा रहा है। सुबह 10 से 11 बजे तक व्याख्यान शाला, शाम 5 से 6 बजे तक मार्शल आर्ट सिखाया जाएगा। व्याख्यान सत्र में मुख्य वक्ता कोलकाता से आईं राजभाषा अधिकारी डॉ. आकांक्षा ने लैंगिक असमानता व महिला हिंसा के विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। डॉ. मीता अरोरा ने सभी को शपथ दिलवाई। उन्होंने बताया कि आगे की व्याख्यान शाला में फतेहपुर जिले की महिला कल्याण अधिकारी, भारत स्काउट गाइड प्रशिक्षक उन्नाव, जिला संगठन आयुक्त को आमंत्रित किया गया है। वहीं डॉ. केके यादव व डॉ. दीप्ती अग्रवाल महिला पोषण व स्वास्थ्य आहार विषय पर व्याख्यान देंगे। ऑनलाइन प्रतियोगिताओं में काव्य पाठ, निबंध, पोस्टर व स्लोगन प्रतियोगिताओं का आयोजन भी होगा। विजेता छात्राें को पुरस्कृत किया जाएगा। छात्राओं को मनोवैज्ञानिक परामर्श व उनका आत्मबल विकसित करने का प्रयास विभिन्न सत्रों में किया जा रहा है। कार्यक्रम में रेंजर प्रभारी डॉ. नीलिमा नागर व डॉ. अमित सहयोग करेंगे। संचालन डॉ. मीता अरोरा ने किया।