औरास। क्षेत्र में रोस्टिंग के नाम पर हो रही 10 से 12 घंटे बिजली कटौती से करीब दो लाख की आबादी परेशान है। इससे लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है।
स्थानीय पावर हाउस को खोखापुर उपकेंद्र से 33 केवी बिजली आपूर्ति की जाती है। एक सप्ताह से लगातार दिन व रात मिलाकर 10 से 12 घंटे की अघोषित कटौती रोस्टिंग के नाम पर की जा रही है। इससे हाथीखेड़ा, परौरी, जमानगर फीडर से जुड़ी करीब दो लाख की आबादी प्रभावित है। रात के आठ और सुबह नौ बजे से छह-छह घंटे तक रोस्टिंग के नाम पर कटौती की जा रही है। इससे लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है।
ध्यान चौरसिया, रामजीवन कनौजिया, शिवप्रसाद, सत्यम सिंह, महेंद्र कुमार आदि उपभोक्ताओं ने बताया रोस्टिंग के नाम पर हो रही अघोषित कटौती से रात की नींद नहीं पूरी हो पा रही है। इसके अलावा दैनिक दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है। इस संबंध में एसडीओ धर्मेंद्र राजपूत ने बताया खोखापुर से औरास आने 33 केवी लाइन से जितने घंटे बिजली आपूर्ति की जाती है उतनी देर क्षेत्र में आपूर्ति बहाल रहती है। रोस्टिंग खोखापुर से ही की जा रही है।