फोटो-3- निरीक्षण के दौरान कोटेदार से जानकारी लेते प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद रणवीर प्रसाद। स्रोत
नवाबगंज। प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद रणवीर प्रसाद ने शनिवार को ब्लॉक क्षेत्र के कुशहरी में नवनिर्मित अन्नपूर्णा भवन का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों और राशन लेने आईं महिलाओं से बात कर राशन वितरण व्यवस्था की जमीनी हकीकत परखी।
प्रमुख सचिव ने भवन में बिजली कनेक्शन न होने पर नाराजगी जताई। संबंधित अधिकारियों को तत्काल कनेक्शन कराने की सख्त हिदायत दी। प्रमुख सचिव ने लाभार्थी रामदेवी से राशन की मात्रा और समयबद्धता की जानकारी ली। उन्होंने राशन वितरण में ई-केवाईसी (फेस ऑथेंटिकेशन) सत्यापन प्रक्रिया पर भी सवाल किए। ग्रामीणों ने बताया कि चेहरे से सत्यापन अभी आरंभ नहीं हुआ है। इसे जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए गए।
गेहूं के स्थान पर पैकेटबंद आटा वितरित करने पर ग्रामीणों ने देरी से आटा खराब होने की बात कही। निरीक्षण के बाद रणवीर प्रसाद ने परिसर में पौधरोपण भी किया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर राजेश विश्वकर्मा, तहसीलदार कीर्तिसेन, लेखपाल सुशील शुक्ला और ग्राम प्रधान आशीष सिंह भी मौजूद थे।