फोटो-6- नसिरापुर चौराहे से निकलता बाइक सवार। संवाद
गंजमुरादाबाद। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर नसिरापुर गांव के पास बने चौराहे पर संकेतक न होने से आए दिन हादसे हो रहे हैं। इनमें कई राहगीर गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं।
बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के नसिरापुर गांव के पास स्थित चौराहे से चार अलग-अलग मार्ग निकलते हैं। इनमें एक रास्ता नसिरापुर, दूसरा महमदाबाद, तीसरा रेलवे अंडरपास और चौथा संडीला सड़क को जाता है। चौराहे के चारों ओर झाड़ियां उग आती हैं। इससे निकलने वाले वाहन सवार अगले मार्ग से आने वाले वाहनों को स्पष्ट नहीं देख नहीं पाते हैं। इसी कारण यहां लगातार दुर्घटनाएं होती रहती हैं। अभी तक इस चौराहे पर न तो किसी प्रकार का संकेतक लगाया गया है और न ही स्पीड ब्रेकर बनाए गए हैं।
नसिरापुर के विवेक कटियार, पंकज कटियार, सुधांशु कटियार, संजय कुमार, बबलू यादव, मोनू यादव, राजेश कटियार और टेकचंद सहित कई ग्रामीणों ने प्रशासन से चौराहे पर तत्काल संकेतक लगवा कर स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की है। बांगरमऊ कोतवाल अखिलेश चंद्र पांडेय ने इस मामले पर संज्ञान लिया है। बताया कि चौराहे का जल्द ही निरीक्षण किया जाएगा। दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।