पुरवा (उन्नाव)। मदारपुर उच्च प्राथमिक स्कूल की प्रधान शिक्षिका पर छात्रा ने कान पर तेज थप्पड़ मारने और कान से खून निकलने का आरोप लगाया है। एक छात्र का आरोप है कि पिटाई से उसके दोनों गाल सूज गए। छात्रों का आरोप है कि गुड मॉर्निंग न बोलने और गाड़ी साफ न करने पर मैडम पीट देती हैं। अभिभावकों ने बीएसए को वीडियो भी उपलब्ध कराए हैं।
पुरवा कोतवाली की ग्राम पंचायत मदारपुर निवासी सुमन, जानकी, बबली, केकती, राजेंद्र ने बुधवार को एसडीएम दिग्विजय सिंह को शिकायती पत्र दिया। इसमें उच्च प्राथमिक स्कूल में तैनात प्रधान शिक्षिका अनामिका भारती पर गंभीर आरोप लगाए। इतना ही नहीं बच्चों को पीटते वीडियो भी दिखाए थे। एसडीएम ने निलंबन के लिए डीएम को आख्या भेजी थी।
बृहस्पतिवार को अभिभावक बच्चों के साथ कोतवाली पहुंचे। कक्षा छह की छात्रा ने बताया कि शिक्षिका ने इतना पीटा कि कान से खून निकल आया। कक्षा सात के छात्र के दोनों गालों में सूजन थी। छात्र ने बताया कि मैडम की गाड़ी साफ न करने पर पीटती हैं। वहीं कक्षा सात के छात्र अन्य छात्र का कहना है कि गुड मॉर्निंग न कहने पर पीटने लगती हैं। अभिभावकों जानकी, छोटू और संजना का कहना कि सहायक शिक्षिका जब पीटने से मना करती हैं तो उन्हें शांत करा देती हैं।
कोतवाल भवन सिंह मौर्य ने बताया कि प्रधान शिक्षिका के खिलाफ तहरीर मिली है। बीईओ से रिपोर्ट मांगी गई है। उसी के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। बीएसए शैलेष कुमार पांडेय ने बताया कि प्रधान शिक्षिका को नोटिस दिया गया है, तीन दिन में जवाब मांगा है, न देने पर निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।