फोटो-33- कानपुर-लखनऊ हाईवे के गदनखेड़ा फ्लाई ओवर मरम्मत के लिए किया गया डायवर्जन। संवाद
उन्नाव। कानपुर-लखनऊ हाईवे पर गदनखेड़ा पुल की बार-बार उखड़ रही सड़क यातायात के लिए समस्या बनी है। हालात यह है कि दो महीने के में दूसरी बार सड़क में दरारें और गड्ढे हो गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि ओवरलोड वाहनों से समस्या हो रही है। हालांकि अब आधुनिक तकनीक से मरम्मत का दावा किया जा रहा है।
सितंबर 2024 में 64 करोड़ की लागत से कानपुर-लखनऊ हाईवे के गदनखेड़ा चौराहा पर एनएचएआई ने पुल का निर्माण कराया था। इसके बाद से हर तीन से चार महीने में सड़क उखड़ रही है। हैरानी की बात यह है कि हर बार कानपुर से लखनऊ जाने वाली लेन ही उखड़ रही है। जुलाई में दो-तीन दिन की हल्की बारिश में ही पुल की ऊपरी परत जवाब दे गई थी। मरम्मत कराई गई और दो महीने ही बीते कि फिर, ऊपरी परत कहीं फूल गई तो कहीं उखड़ गई। एनएचएआई ने इसकी मरम्मत शुरू कराई है। वाहनों को एक लेन से ही निकाला जा रहा है।
अत्यधिक ओवरलोड वाहनों की वजह से कानपुर से लखनऊ लेन में बार-बार समस्या हो रही है। इसबार फाइबरग्लास जियोग्रिड बिछाने के बाद ओवरले का काम कराया जा रहा है। इससे बिटुमिन ज्यादा मजबूत रहेगी। -पंकज यादव, पीडी एनएचएआई।