सोनिक। लखनऊ-कानपुर रेल मार्ग पर सोनिक स्टेशन के पास नीलांचल एक्सप्रेस के आगे कूदकर किसान ने आत्महत्या कर ली। वह पत्नी की ओर से डाले गए तलाक के मुकदमे की पेशी से घर लौट रहा था।
अजगैन कोतवाली क्षेत्र के चांदपुर झलिहई गांव निवासी रामलाल (35) खेती करते थे। बड़े भाई भइयालाल ने बताया कि रामलाल की शादी चार साल पहले जंसार गांव में हुई थी। पति-पत्नी में अक्सर विवाद के चलते पत्नी उसे छोड़कर करीब डेढ़ साल से मायके में दो बेटियों के साथ रह रही है। पत्नी ने तलाक का मुकदमा दायर कर दिया। उसी की पेशी में सोमवार को भाई रामलाल उन्नाव गया था। शाम को लौट रहा था। बाद में पता चला कि उसने सोनिक स्टेशन के पास नीलांचल एक्सप्रेस के आगे कूदकर जान दे दी।
रेलवे स्टेशन मास्टर की सूचना पर पुलिस ने जांच की और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था। बेटे की मौत से मां सरजूदेई सहित अन्य परिजन बेहाल हैं। दही थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि परिजन मौके पर आ गए थे। उन्होंने तलाक के चल रहे मुकदमे में पेशी से लौटने की बात बताई है। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।