असोहा। जोरावरगंज गांव में पांच जनवरी को हुई लाखों की चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो चोरों को गिरफ्तार किया है। चोरों के पास से चोरी किए गए जेवर और 5200 रुपये बरामद किए गए हैं।
असोहा थाना क्षेत्र के जोरावरगंज निवासी पूनम दिल्ली में रहकर मजदूरी करती हैं। पांच जनवरी को वह गांव स्थित घर पर नहीं थी। इसी दौरान चोरों ने मकान का ताला तोड़ दिया। चोर घर के अंदर रखे लगभग दो लाख रुपये के जेवर चुरा ले गए। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
पुलिस चोरों की तलाश में जुटी थी। जांच के दौरान चोरी की घटना में गांव के ही रहने वाले सुरेंद्र कुमार और कल्लू उर्फ संजू के शामिल होने का संदेह हुआ। पुलिस ने बुधवार को दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए जेवरात और 5200 रुपये बरामद किए। थानाध्यक्ष फूल सिंह ने बताया कि दोनों गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।