उन्नाव। कानपुर-लखनऊ हाईवे पर बृहस्पतिवार की रात 11 बजे ढाबे के सामने खड़े ट्रक का शीशा साफ कर रहे सीतापुर निवासी चालक को बैक रहा दूसरे ट्रक का चालक देख नहीं पाया। इससे दोनों ट्रकों के बीच में दबकर चालक घायल हो गया। ढाबा मालिक ने एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
सीतापुर जिले के थाना संधना के गांव खेवकरी निवासी महेश (51) ट्रक चालक थे। चाचा चंद्रकुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात महेश कानपुर से सामान लादकर लखनऊ जा रहे थे। रात 11 बजे सदर कोतवाली क्षेत्र में लखनऊ-कानपुर हाईवे पर शेरअलीखेड़ा गांव के पास खाना खाने के लिए ढाबे पर रुके। कई और ट्रक पहले से खड़े थे। खाना खाकर महेश ट्रक का शीशा साफ करने लगे। तभी एक चालक ने ट्रक निकालने के लिए पीछे किया तो महेश दोनों ट्रक के बीच दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। महेश दो भाइयों में छोटे थे। कोतवाल संजीव कुशवाहा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। हादसे का आरोपी चालक ट्रक लेकर भाग गया था। उसका पता लगाया जा रहा है।
करवाचौथ के दिन उजड़ गया श्यामलता का सुहाग
चाचा चंद्रकुमार ने बताया कि महेश एक सप्ताह पहले ट्रक लेकर निकले थे। पत्नी श्यामलता से करवाचौथ पर घर आने की बात कही थी। श्यामलता भी उनके आने का इंतजार कर रही थी। शुक्रवार को भी वह व्रत की तैयारी कर रही थी लेकिन उन्हें क्या पता था कि जिस पति के लिए वह व्रत रख रही हैं, करवाचौथ के दिन उसका शव घर पहुंचेगा। पति की मौत से वह बेहाल हैं। उसकी दो बेटियां आरती और पीहू हैं।