उन्नाव/परियर। लगातार बढ़ रहे जलस्तर से अब गंगा खतरे के निशान 113 मीटर से मात्र 34 सेमी दूर रह गई है। मंगलवार की शाम छह बजे जलस्तर 112. 660 मीटर पर पहुंच गया, जो चेतावनी बिंदु से 66 सेमी ऊपर है। इससे कटरी क्षेत्र के गांवों में हालात बिगड़ने लगे हैं। उधर, कल्याणी नदी में पानी बढ़ने से पुल के ऊपर से लोग जान जोखिम में डालकर आवागमन कर रहे हैं। बीघापुर के सरकारी स्कूल में पानी पहुंच गया है।
पांच दिन से लगातार बढ़ रहा गंगा का जलस्तर परियर क्षेत्र के गांवों में घरों तक पहुंच चुका है। इससे बाढ़ की आशंका बढ़ गई है। सदर तहसील क्षेत्र के चंडीबंगला, बाबूबंगला, कोलवा, पनपथा, ललतुपुरवा गांवों में बाढ़ का खतरा है। इन गांवों के खेतों में पानी भर गया है। गांवों के किनारे पानी लगने से ग्रामीण सुरक्षित स्थान व आवश्यक वस्तुओं के भंडारण की व्यवस्था के बारे में सोचने लगे हैं। एसडीएम सदर राजेश कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि बाढ़ को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी हैं। बढ़ते जलस्तर पर नजर रखी जा रही है। जैसे ही बाढ़ की स्थितियां बनेंगी, ग्रामीणों को सुरक्षित राहत केंद्रों पर पहुंचाया जाएगा।
फोटो-24-जमालनगर गैर एहतमाली में कल्याणी नदी के डूबे पुल से आवागमन करतीं छात्राएं। संवाद
कल्याणी नदी के डूबे पुल से जान जोखिम में डालकर आवागमन कर रहीं छात्राएं
सफीपुर। कल्याणी नदी में बढ़ रहे पानी से जमालनगर गैर एहतमाली स्थित कल्याणी नदी पुल से आवागमन खतरनाक हो गया है। स्कूल जाने वाली छात्राएं पानी मंझाकर निकलीं। दबौली-परियर मार्ग से गुजरने वाले वाहन पानी से होकर गुजरते रहे। जमालनगर गांव के किनारे खड़ी फसलों में भी पानी भर गया, जिससे किसानों की परेशानी बढ़ने लगी। उडंकपुरवा निवासी शिवशंकर ने बताया कि पानी नीचे के स्थानों में बढ़ने लगा है। कल्याणी का पानी और बढ़ा तो फसल डूब जाएगी। इब्राहिमाबाद निवासी रज्जन यादव ने बताया कि गंगा नदी का पानी बढ़ा है जो खतरे का बड़ा संकेत है। एसडीएम फाल्गुनी सिंह ने बताया कि राहत चौकियों के अलावा सभी विभागों के कर्मचारी व नाविकों को स्थिति पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
फोटो-25-धर्मपुर विद्यालय में भरा पानी। स्रोत: ग्रामीण
बढ़े जलस्तर से प्राथमिक विद्यालय में पहुंचा पानी, पढ़ाई बाधित
बीघापुर। तहसील क्षेत्र के गंगा नदी व पांडु नदी के बीच बसी ग्रामसभा लालाखेड़ा व दूलीखेड़ा में बढ़े जलस्तर से सब्जी की फसल को नुकसान पहुंचा है। धर्मपुर स्थित उच्च प्राथमिक और प्राथमिक विद्यालय जाने वाले मार्ग व विद्यालय परिसर में पानी पहुंच गया है। दूलीखेड़ा निवासी वीरेंद्र यादव व आशीष ने बताया कि अभी तक मंगलवार तक विद्यालय का संचालन होता रहा है लेकिन अब बच्चों का विद्यालय पहुंचना मुश्किलों भरा हो गया है। विद्यालय परिसर में पानी पहुंच जाने के चलते बच्चों को अपने घरों से लगभग सात से आठ किलोमीटर दूर जिला फतेहपुर स्थित शिवराजपुर विद्यालय में जाने की मजबूरी होगी। प्रधान शिक्षक संजय नवल ने बताया कि परिसर में जलभराव की सूचना उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। खंड शिक्षा अधिकारी सुमेरपुर अखिलेश कुमार ने बताया कि बच्चों की शिक्षा के लिए बच्चों को अन्य विद्यालयों में शिफ्ट कराकर पढ़ाई सुचारू कराने के प्रयास किए जाएंगे।
फोटो-24-फोटो-जमालनगर गैर एहतमाली में कल्याणी नदी के डूबे पुल से आवागमन करतीं छात्राएं। संवाद
फोटो-24-फोटो-जमालनगर गैर एहतमाली में कल्याणी नदी के डूबे पुल से आवागमन करतीं छात्राएं। संवाद