उन्नाव। शहर के मोहल्ला विकास नगर में रहने वाले लोग जलभराव की समस्या से परेशान हैं। मोहल्ले के पीछे प्लॉटिंग करने वालों ने यहां स्थित जल निकासी के पुराने नाले को पाट कर प्लॉटों के लिए रास्ता बना लिया है। शिकायत करने पर विभाग एक-दूसरे की जिम्मेदारी बता रहे हैं।
शहर के मोहल्ला विकास नगर में रहने वाले करीब दो हजार लोग, इस बार बारिश में मुसीबत झेल रहे हैं। मोहल्ले के लोगों में राजीव कुमार, सुरेश, राजेश कुमार, रोहित आदि ने बताया कि अब तक मोहल्ले का पानी मोहल्ले के पीछे स्थित खेतिहर जमीन की सिंचाई के लिए बनी नाली अब जल निकासी के काम आ रही थी। लेकिन पिछले साल कुछ लोगों ने खेत खरीदकर यहां पर प्लॉटिंग की और रास्ता बनाने के लिए सिंचाई विभाग की नाली को पाट दिया था। मोहल्ले वासियों के अनुसार इसका विरोध करने पर जमीन के कारोबारियों ने धमकाया भी। इसके बाद नगर पालिका में शिकायत की तो बताया गया कि जल निकासी का जो रास्ता बंद किया गया है वह नहर विभाग का है उसे वही विभाग कब्जा मुक्त करा सकता है। जब नहर विभाग में शिकायत की तो नगर पालिका की जिम्मेदारी बताई जा रही है।
वर्जन...
नगर पालिका की टीम को भेजकर दिखवाया जाएगा अगर पालिका के किसी नाले पर कब्जा या पाटा गया होगा तो उसे खोलवाया जाएगा और सख्त कार्रवाई की जाएगी। -रामआसरे कमल, ईओ नगर पालिका
सिंचाई नाली पर कब्जा करने का मामला संज्ञान में नहीं है। जेई को भेजकर दिखवाया जाएगा और विभाग की होने की पुष्टि पर उसे कब्जा मुक्त कराया जाएगा और आवश्यक हुआ तो विधिक कार्रवाई भी की जाएगी।-गगन शुक्ला, एक्सईएन नहर विभाग