उत्तर प्रदेश के उन्नाव में शादी की पंचायत को लेकर हुए विवाद में साले ने बहनोई पर चाकू से हमला कर लहूलुहान कर दिया। गंभीर हालत में घायल को जिला अस्पताल से हैलट रेफर किया गया है।
शहर के छिपियाना निवासी इम्तियाज अहमद की शादी हजारी टोला मोहल्ला निवासी इमरान की बहन से हुई थी।
कुछ दिन बाद इमरान के भाई सलमान की शादी इम्तियाज की बहन से करवा दी गई। कुछ दिन बाद सलमान व उसकी पत्नी के बीच मनमुटाव हो गया। शनिवार रात छिपियाना मोहल्ला निवासी आसिफ के घर पर दोनों परिवारों को बैठाकर पंचायत कराई गई।
पंचायत के दौरान किसी बात को लेकर जीजा व सालों में विवाद शुरू हो गया। मामला इतना बढ़ा कि सालों ने बहनोई इम्तियाज पर चाकू से हमला कर लहूलुहान कर दिया। इम्तियाज के पेट व दाहिने हाथ के कंधे पर चाकू लगी। जिससे वह लहूलुहान हो गया।
किला चौकी प्रभारी सुशील कुमार ने घायल इम्तियाज को जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत नाजुक देख हैलट रेफर कर दिया गया। एहतियात के तौर पर घायल के घर के आसपास फोर्स तैनात कर दी गई है। पुलिस ने आरोपी इमरान को हिरासत में लिया है। सलमान की तलाश जारी है।