गंजमुरादाबाद। नगर के मोहल्ला दरगाह शरीफ में लहरापुर मार्ग पर दो दिन पूर्व पाइप लाइन से कनेक्शन के लिए खोदी गई भूमि को सही से बंद नहीं किया गया। जिससे बीचोंबीच में गड्ढा हो गया। जिसमें वाहन फंस रहे हैं और आवागमन प्रभावित हो रहा है।
मोहल्ला बड़ी बाजार में पिछले महीने हुए भूमिगत पाइप लाइन में लीकेज के चलते भूमि को खोदा गया था। जिसे बंद तो कर दिया गया है लेकिन अभी इंटरलाकिंग नहीं बिछाई जा सकी है जिससे दरगाह शरीफ को जाने वाला मुख्य
मार्ग अभी भी बंद है। इसी प्रकार तीन दिन पूर्व दरगाह शरीफ में भूमिगत पाइप लाइन से कनेक्शन करने के लिए जमीन खोदी गई थी। जिसे बंद किया गया लेकिन पानी भर जाने से गड्ढा हो गया। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी दीपक शर्मा ने बताया कि जहां गड्ढे हैं उन्हें बंद करा आवागमन सुचारु बनाया जाएगा।