पुलिस गिरफ्त में शिवानी की हत्या करने वाली मां सरोजनी गले में अंगौछा डाले पिता मंगली प्रसाद व नील
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। मौरावां थाना क्षेत्र में किशोरी की हत्या सौतेली मां और सगे पिता ने की थी। पूछताछ में पिता व सौतेली मां टूट गई और सच उगल दिया। बताया कि सोते समय उसी के दुपट्टे से हत्या की थी। हत्यारोपी पिता ने बताया कि शव ठिकाने लगाने के लिए उसने पड़ोस के गांव में रहने वाले अपने दोस्त की मदद ली थी। पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए मृतका की सौतेली मां, पिता व उनके मददगार को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
मौरावां थाना क्षेत्र के थाना क्षेत्र के हिलौली के मजरा झलऊ गांव निवासी मंगली प्रसाद की बेटी शिवानी (13) का शव 28 जनवरी को घर से एक किमी दूर आरके श्रीवास्तव के सरसों के खेत में मिला था। बेटी की हत्या करने के बाद पिता ने खुन्नस में पड़ोसी को फंसाने की नीयत से शव मिलने से तीन घंटे पहले पड़ोस में रहने वाले लाला पुत्र नवीबक्स पर बेटी को अगवा करने की रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। पुलिस ने घटना के बाद ही नामजद आरोपी को हिरासत में ले लिया था। पूछताछ में आरोपी ने शिवानी को अगवा करने और हत्या की बात से साफ इंकार कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस की जांच में मृतका की सौतेली मां सरोजनी शक के घेरे में आ गई।
शुक्रवार को पुलिस ने सौतेली मां सरोजनी और पिता मंगली प्रसाद से अलग-अलग पूछताछ की। दोनों के अलग-अलग बयानों से पुलिस के हाथ कई सुराग लगे। सख्ती से पूछताछ करने पर पिता मंगली प्रसाद और सौतेली मां सरोजनी टूट गई और पूरा सच उगल दिया। एसपी विक्रांतवीर ने कहा कि सरोजनी ने हत्या करने का कारण बेटी शिवानी से नफरत करना बताया। सौतेली बेटी पर चाल-चलन का झूठे आरोप लगाकर उसने पति को उसके खिलाफ भड़काया और योजना के तहत घर में ही उसकी दुपट्टे से गला कसकर हत्या कर दी। शव को ठिकाने लगाने में उसने पति ने पड़ोसी गांव गंगाबक्शखेड़ा निवासी निवासी काली प्रसाद की मदद ली। दोनों ने रात में ही शव को बाइक में रखकर गांव से दूर खेत में फेंक दिया।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी सौतेली मां सरोजनी ने बताया कि 27 जनवरी की रात शिवानी खाना खाकर छत के ऊपर झोपड़ी में पड़ी चारपाई पर सो गई। उसे सोता देख वह पति के साथ पहुंची और उसी के दुपट्टे से गला कस दिया। शव को ठिकाने लगाने के लिए पड़ोस के गांव गंगाबक्शखेड़ा गांव निवासी काली प्रसाद को बुलाया। काली प्रसाद बाइक लेकर आया। पति मंगली ने शिवानी को बीच में बैठाया और काली प्रसाद बाइक लेकर गांव के बाहर खेत पहुंचा और शव को सरसों के खेत में फेंक दिया। एसपी विक्रांतवीर ने खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 20 हजार रुपये का इनाम दिया है।
मृतका की दादी महदेई ने बताया कि 7 साल की उम्र से ही सौतेली मां सरोजनी शिवानी पर अत्याचार करने लगी थी। अक्सर उसके साथ मारपीट करना उसकी आदत में शुमार हो गया था। वह पूरे दिन उससे काम कराती थी। जब वह काम करने से मना करती थी तो उसे पीटती थी। मां के जुल्मों को देखकर वह ही शिवानी और उसके बड़े भाई रोहित को अधिकतर अपने साथ रखती थी और खाना पकाकर खिलाती थी।
हत्या की घटना को अंजाम देने के बाद किशोरी के पिता ने 28 जनवरी को पड़ोस के लाला पर बेटी को अगवा करने का आरोप लगा रिपोर्ट दर्ज करा दी। जांच में मामला ऑनर किलिंग से जुड़ा निकलने पर पुलिस ने लाला को छोड़ दिया। पुलिस ने किशोरी के हत्यारोपी उसके पिता मंगली, मां सरोजनी और शव ठिकाने में मदद करने वाले पड़ोसी गांव निवासी काली प्रसाद को हत्या और शव छिपाने की धाराओं में जेल भेजा है। घटना में प्रयुक्त दुपट्टा व बाइक भी पुलिस ने बरामद की है।