उन्नाव। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर तेज रफ्तार कार ने फैक्टरी से घर लौट रहे मजदूर को टक्कर मार दी। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सदर कोतवाली के शिवसिंहखेड़ा गांव निवासी भूरे (48) पुत्र रामलाल हाईवे स्थित शेखपुर नरी गांव स्थित चर्म इकाई में मजदूरी करता था। शुक्रवार देर शाम ड्यूटी के बाद वह साइकिल से घर जा रहा था। गांव के सामने लखनऊ से कानपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार कार ने साइकिल को टक्कर मार दी। तेज टक्कर लगने से भूरे लहूलुहान हो गया। आसपास के लोगों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। ग्राम प्रधान जनार्दन यादव ने बताया कि मृतक नि:संतान है। उसकी पत्नी इंद्राना का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रधान ने बताया कि फैक्टरी प्रबंधन से मुआवजा की मांग की गई। जिस पर उन्होंने रविवार को मृतक की पत्नी को दो लाख की चेक देने की बात कही है।