संवाद न्यूज एजेंसी
उन्नाव। फरार चल रहे निलंबित सिपाही के की संपत्ति कुर्की की नोटिस सीजेएम कोर्ट ने जारी की है। उसके खिलाफ एबी नगर निवासी पत्रकार सूरज पांडेय को आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज है।
पत्रकार सूरज पांडेय का शव 12 नवंबर को शहर के शराब मिल के पीछे रेलवे ट्रैक के किनारे पड़ा मिला था। मृतक की मां लक्ष्मी पांडेय ने महिला दरोगा सुनीता चौरसिया व सिपाही अमर सिंह पर हत्या समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बाद में एफएसल की जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में मामला तरमीम कर दिया था। दोनों को निलंबित कर दिया गया था। महिला दरोगा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। सिपाही अमर सिंह अभी फरार चल रहा है। कोर्ट ने सिपाही के खिलाफ गैर जमानती वारंट भी जारी कर दिया था। इसके बाद भी वह हाजिर नहीं हुआ। बुधवरा को सीजेएम विराट श्रीवास्तव की कोर्ट ने सिपाही अमर सिंह के खिलाफ कुर्की की नोटिस जारी की है।। अपराध निरीक्षक सुधीर चंद्र पांडेय ने न्यायालय में आरोपी सिपाही के खिलाफ धारा 82 व 83 के तहत कार्रवाई के लिए अर्जी दी थी।