उन्नाव। एल्डर्स कमेटी में दो फाड़ हो गए हैं। बार एसोसिएशन चुनाव के घोषित कार्यक्रम के तहत पूर्व गठित एल्डर्स कमेटी ने अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया। हालांकि तीन सदस्यों ने अलग होकर बनाई नई कमेटी ने इसका विरोध किया है।
एल्डर्स कमेटी के सदस्य व चुनाव अधिकारी बालकृष्ण बाजपेई ने बताया कि बार एसोसिएशन अध्यक्ष रामशंकर सिंह यादव व महामंत्री जीतेंद्र सिंह ने मतदाता सूची चस्पा करने का विरोध किया। हालांकि चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे कई अधिवक्ताओं के आने पर सूची चस्पा की गई। बाद में नोटिस बोर्ड से किसी ने उसे फाड़ दिया। बताया कि फाइनल सूची में मतदाताओं की संख्या 1462 है। इसमें 1132 ऐसे सॉल्वेंट सदस्य मतदाता है जिनका उत्तर प्रदेश बार काउंसिल द्वारा सीओपी संख्या चुनाव अधिकारी के रिकॉर्ड में मौजूद है। सूची के दूसरे भाग में 331 सॉल्वेंट सदस्य ऐसे हैं जिनका सीओपी नंबर नहीं है। वह चुनाव के समय सीओपी का प्रमाणपत्र देने के बाद ही मतदान कर सकेंगे। बताया कि सिविल कोर्ट कैंपस व बार एसोसिएशन के संपूर्ण परिसर में प्रचार सामग्री चस्पा करने पर रोक लगा दी गई है।
वहीं चुनाव का विरोध कर रहे एल्डर कमेटी के तीन सदस्यों जयराम सिंह, प्रकाश कुमार निगम व विजय कुमार शुक्ला ने कमेटी में बहुमत का दावा करते हुए कहा कि एल्डर्स कमेटी के सदस्य बीके बाजपेई रजिस्टर व अन्य कागजात उपलब्ध नहीं करा रहे हैं।