अचलगंज। विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने रविवार को अचलगंज में भाजपा की बूथ कमेटी व सेक्टर संयोजकों के साथ बैठक की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष कोरोना के चलते वह जनता के बीच नहीं पहुंच पाए लेकिन लगातार संपर्क में रहे। उन्होंने प्रत्येक बूथ व सेक्टर अध्यक्ष से परिचय लेते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर तीरंदाजी का हुनर दिखाने वाले कस्बा निवासी आयुष गुप्ता की पीठ थपथपाते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आयुष से सरकारी मदद मिलने के बारे में पूछा। आयुष ने बताया कि अभी तक उसे कोई मदद नहीं मिली। अध्यक्ष ने आयुष गुप्ता को सरकारी मदद व एक धनुष दिलाने का आश्वासन दिया।
वहीं, लोगों ने क्षेत्र में ध्वस्त बिजली आपूर्ति होने की जानकारी दी। इस पर उन्होंने विद्युत अभियंता को फोन पर कार्यशैली सुधारने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप जनमानस को सुविधा उपलब्ध कराएं। इस दौरान आनंद अवस्थी, धीरज शुक्ल, अशोक बाजपेई, विद्याभाष्कर द्विवेदी, ऋ षभ शुक्ल, सुरेंद्र लोधी, शिवलाल लोधी मौजूद रहे।