औरास। बेटों से प्रताड़ित वृद्ध मां ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई। तत्काल पुलिस ने गांव से बेटों को बुलाकर उन्हें बुजुर्ग मां-बाप के कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया। रोती मां को देख बेटाें ने थाना में उसके पैर पकड़कर माफी मांगी और उसे अपने साथ घर लेकर चले गए।
क्षेत्र के अल्दौ गांव निवासी बुजुर्ग महिला बुधवार को औरास थाना पहुंचीं। उन्होंने एसओ प्रदीप कुमार को बताया कि 12 वर्ष पहले पति की मृत्यु हो गई थी। जिसके बाद तीन बेटों ने उन्हें घर से निकाल दिया था। वह गांव के एक छोटे से कच्चे घर में गुजर-बसर कर रही हैं। बताया कि बेटों ने उसके हिस्से के यूकेलिप्टस के पेड़ बेच डाले। मौजूदा समय में उन्हें भूखे पेट सोना पड़ रहा है। मदद करने की जगह बेटे प्रताड़ित करते हैं।
वृद्धा की पीड़ा सुन एसओ ने उन्हें हेल्प डेस्क में बैठाकर पुलिस टीम को उनके गांव भेजा और उसके बेटों को थाना बुलवाया। मां के सामने बेटों को बैठाकर बातचीत कराई। बाद में बेटों को पुलिस द्वारा समझाया गया। एसओ ने बेटों से मां के जीवन निर्वहन के लिए 17 हजार रुपये दिलवाए। इसके अलावा मां के साथ किए गए बर्ताव पर माफी मंगवाई।
पुराने विवादों को भुलाकर बेेटे मां को अपने साथ लेकर चले गए। उन्होंने दोबारा मां को परेशान न करने की पुलिस के सामने शपथ भी ली। पुलिस के मानवीय चेहरे को देख वृद्धा की आंख से आंसू छलक पड़े।