हिलौली। घर पर कब्जा होने के मामले में पुलिस के सुनवाई न करने पर सोमवार को एसपी कार्यालय में मुर्गा बनने वाले भाजपा नेता को न्याय मिल गया। पुलिस ने उनके घर के सामने उठाई गई दीवार को गिरवाकर रात में ही उन्हें घर पर कब्जा दिला दिया। कब्जा करने वालों को पुलिस हिरासत में लेकर थाने चली गई।
मौरावां के हिलौली क्षेत्र के भाजपा सेक्टर संयोजक जयपाल कुशवाहा के चाचा ने उनके घर के बाहर दीवार खड़ी कर उन्हें परिवार सहित घर से निकाल दिया था। भाजपा नेता ने तहसील और थाना समाधान दिवस में शिकायती पत्र दिया था लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इस पर सोमवार को भाजपा नेता ने एसपी दफ्तर में मुर्गा बनकर विरोध जताया था। एसपी ने एसओ को राजस्व टीम के साथ मौके पर जाकर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। देर शाम एसओ अमरनाथ यादव लेखपाल संतोष के साथ मौके पर पहुंचे और जांच के बाद भाजपा नेता के घर के बाहर उठाई गई दीवार को तुड़वा दिया। एसओ ने बताया कि कब्जा करने वाले दोनों चाचा का शांतिभंग में चालान किया गया है।