उन्नाव। अमृत योजना के तहत शहर में भूमिगत पाइप लाइन बिछा रही जलनिगम की कार्यकारी एजेंसी की मनमानी लोगों के लिए मुसीबत बनी है। नगर पालिका को बिना सूचना दिए की गई ड्रिलिंग से करीब 150 मीटर पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हुई थी। इससे बाबूगंज और कृष्णा नगर की जलापूर्ति ठप है। सदर विधायक पंकज गुप्ता के वार्ड में रहने वाले लोग 25 दिन से पानी की किल्लत झेल रहे हैं।
शहर के वार्ड नंबर 8 बाबूगंज में अमृत योजना के तहत जलनिगम की एजेंसी ने नगर पालिका को सूचना दिए बिना रात के अंधेरे में ड्रिलिंग शुरू करा दी। नगर पालिका जलकल विभाग की पुरानी भूमिगत पाइप लाइन दर्जनों स्थानों पर टूट गई। नगर पालिका कई दिनों से पाइप लाइन की मरम्मत करा रही है लेकिन एक स्थान पर बनते ही दूसरी जगह फूट जाती है।
इससे बाबूगंज और कृष्णानगर मोहल्ला की जलापूर्ति ठप है। वहीं फूटी पाइप लाइन में नाली-नालों का गंदा पानी भरने से मोहल्ला गिरिजबाग, भूरीदेवी, बाबूगंज फाटक सहित कई क्षेत्रों में दूषित जलापूर्ति हो रही है। सुबह शाम जलापूर्ति चालू होते ही मोहल्ला कृष्णा नगर की गलियों में जलभराव हो जाता है। इससे लोगों को आवागमन में भी दिक्कत होती है।
वार्ड निवासी चंद्रशेखर ने बताया कि लगभग एक महीना होने को है जलापूर्ति दुरुस्त नहीं हो पा रही है। एक जगह फाल्ट सही कर जैसे ही जलापूर्ति शुरू होती है, दूसरी जगह पाइप फट जाता है।
गुड्डी ने बताया कि पानी की किल्लत के चलते रोजमर्रा के घरेलू काम नहीं हो पा रहे हैं। घर से पांच सौ मीटर दूर हैंडपंप से पानी भरकर लाना पड़ रहा है। टैंकर से पानी मिलने से कुछ राहत है।
- सदर विधायक पंकज गुप्ता ने बताया कि जलनिगम के अधिकारियों को बुलाकर पानी की समस्या दूर करने को कहा था। जलनिगम के एक्सईएन ने बताया है कि मरम्मत कराई गई है लेकिन कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त होने से समस्या आ रही है।
- नगर पालिका के जलकल अभियंता विवेक कुमार ने बताया कि जलनिगम के लोग खुदाई से पहले जानकारी नहीं देते हैं। यही समस्या की वजह है। बताया कि पुरानी पाइप लाइन टूटने पर उसकी मरम्मत की जिम्मेदारी नगर पालिका पर आ जाती है। बताया कि लगातार मरम्मत कर रहे हैं लेकिन अभी पूरी तरह सफलता नहीं मिली है।
- सभासद राजेश कुमार ने बताया कि पिछले 25 दिन से नगर पालिका के टैंकरों से पानी मंगवा रहे हैं। दिवाली का त्योहार भी समस्या से जूझते बीता। बताया कि अगर 150 मीटर नई पाइप लाइन डाल दी जाए तो समस्या हल हो जाएगी।
टूटी पाइप की मरम्मत के लिए जेसीबी से कराई जाती खुदाई। संवाद- फोटो : UNNAO