मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिले पहले स्मार्टफोन को दिखाती ग्राम पंचायत बजेहरा की आंगनबाड़ी ?
- फोटो : UNNAO
उन्नाव/नवाबगंज। लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नवाबगंज विकासखंड की ग्राम पंचायत बजेहरा की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता माधुरी को पहला स्मार्ट फोन देकर योजना की शुरुआत की। जिले में पहले चरण में 35 कार्यकर्ताओं को फोन दिए गए।
लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्राम पंचायत बजेहरा की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता माधुरी को पहला स्मार्ट फोन देकर योजना की शुरुआत की। माधुरी ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद देते हुए मंच से ही हाथ उठाकर सभी को फोन दिखाया। बताया कि अब तक हम रजिस्टर पर सूचनाएं लिखते थे। अब फोन से तत्काल सारी जानकारी विभाग तक पहुंच जाएगी। इस दौरान विकासखंड के अन्य ग्राम पंचायतों की पुष्पलता, रेखा, प्रीती, रिंकी व सुशीला को भी स्मार्ट फोन मिले। सीडीपीओ नगमा बेगम ने बताया कि बजेहरा की माधुरी को मुख्यमंत्री के हाथों पहला स्मार्ट फोन मिला।
उधर, विकास भवन सभागार में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा स्मार्ट फोन एवं ग्रोथ मॉनिटरिंग डिवाइसेज (इंफैटोमीटर) वितरण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया। बाद में सदर विधायक पंकज गुप्ता, डीएम रवींद्र कुमार व सीडीओ दिव्यांशु पटेल ने सिकंदरपुर सरोसी ब्लाक की 35 कार्यकर्ताओं को स्मार्ट फोन दिए। सदर विधायक ने सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के बारे में बताया। कहा कि कोरोनाकाल में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अच्छा काम किया। सचेत करते हुए कहा कि स्मार्ट फोन का उपयोग आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सावधानीपूर्वक करें। सीडीपीओ बिछिया साजिद अंसारी ने बताया कि प्रत्येक माह स्मार्ट फोन पर अपने केंद्र से संबंधित सभी लाभार्थियों का पूर्ण डाटा फीड किए जाने पर कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहन धनराशि भी मिलेगी। साथ ही 200 प्रति माह मोबाइल में डाटा रिचार्ज के लिए भी विभाग की ओर से दिया जाएगा। इस दौरान सीडीपीओ फतेहपुर चौरासी अरविंद रस्तोगी भी मौजूद रहे।