उन्नाव। चौरा रोड स्थित एक गेस्ट हाउस में लोकतांत्रिक सामाजिक मंच ने शहीद गुलाब सिंह लोधी का बलिदान दिवस मनाया। इस दौरान गोष्ठी व कवि सम्मेलन हुआ। श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को नमन किया।
नगर पालिका परिषद उन्नाव की अध्यक्ष के प्रतिनिधि प्रशांत कटियार ने कहा कि हमें शहीदों की शहादत को नहीं भूलना चाहिए। उन्हीं के त्याग और बलिदान से हम आजादी की सांस ले रहे हैं। उन्होंने शहर में एक पार्क का नाम शहीद गुलाब सिंह लोधी के नाम से रखने के लिए पालिका की ओर से शासन को प्रस्ताव भेजने का वादा किया। चौधरी खजान सिंह महाविद्यालय के प्रबंधक मुकेश कुमार यादव ने कहा कि युवाओं को शहीद गुलाब सिंह लोधी के जीवन से देशभक्ति की प्रेरणा लेनी चाहिए। बछरावां डिग्री कालेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. रामनरेश यादव ने शहीद के जीवन चरित्र पर प्रकाश डाला। केके वर्मा और हर सिंह बाबू ने भी शहीद गुलाब सिंह लोधी को याद किया। बाद में कवि सम्मेलन हुआ। उमाशंकर यादव, दिनेश उन्नावी, प्रभात सिन्हा, अनिरुद्ध सौरभ, राहुल वर्मा व गीता पांडेय ने काव्य पाठ के माध्यम से श्रद्धांजलि दी। इस दौरान संयोजक व अध्यक्ष ओमेंद्र प्रताप लोधी, वरिष्ठ सदस्य रविराज यादव, डॉ. कुलदीप सिंह, प्रेमशंकर लोधी, विनय त्रिपाठी, देवेंद्र यादव, शिवकुमार एडवोकेट व नंदकिशोर कुशवाहा उपस्थित रहे।
वहीं पुरवा नगर पंचायत में अध्यक्ष रेनू गुप्ता ने संत मीता साहब प्रांगण में आयोजित बलिदान दिवस में शहीद गुलाब सिंह लोधी व पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य विनोद लोधी ने कहा कि आजादी की अलख जगाने वाले गुलाब सिंह लोधी की प्रतिमा जनपद में न होना दुखद है। इस दौरान भाजपा नेता अमरनाथ लोधी, संजय त्रिपाठी, रामविशुन लोधी, महेंद्र लोधी, धुन्नर लोधी, राजू साहू, प्रमोद कश्यप, पुष्पमित्र मिश्रा मौजूद रहे।
फतेहपुर चौरासी। शहीद गुलाब सिंह लोधी का बलिदान दिवस उनके पैतृक गांव चंद्रिकाखेड़ा में मनाया गया। बताया गया कि 23 अगस्त 1935 को अमीनाबाद लखनऊ में झंडा सत्याग्रह आंदोलन के तहत अंग्रेजों के सख्त पहरे एवं कड़ी चेतावनी के बाद भी गुलाब सिंह लोधी पार्क में तिरंगा झंडा फहराते हुए अंग्रेजों की गोली से शहीद हो गए थे। उनके बलिदान से पार्क का नाम झंडेवाला पार्क पड़ा। बांगरमऊ विधायक श्रीकांत कटियार ने अमर शहीद के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। सपा के पूर्व विधायक बदलू खां, जिला पंचायत सदस्य रमेश रावत ने भी अमर शहीद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। पूर्व प्रधान अवधेश लोधी, महादेव लोधी, मोती लोधी, राज कुमार, गुड्डू मौजूद रहे। (संवाद)