सिद्धनाथ मंदिर में दर्शन के लिए लाइन में लगे लोग। संवाद
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। सावन के पहले सोमवार को शिव मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ी। हर-हर, बम- बम के जयकारों से शिवालय गूंजे। कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने के लिए एक बार में पांच भक्तों के मंदिर में प्रवेश दिया गया। हालांकि कुछ मंदिरों में श्रद्धालु समाजिक दूरी नजर अंदाज कर गए। मंदिर के बाहर पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई थी। समिति के सदस्यों ने बिना मास्क के आए श्रद्धालुओं को मंदिर में प्रवेश नहीं दिया।
मगरवारा स्थित गोकुल बाबा मंदिर, हजारी टोला के प्राचीन सिद्धनाथ बाबा मंदिर, बड़ा चौराहा स्थित झंडेश्वर मंदिर सहित क्षेत्र के अन्य शिव मंदिरों में दर्शन करने के लिए भक्त सुबह से ही कतार में लग गए थे। भक्तों ने जलाभिषेक के बाद दूध, दही, शहद, धतूरा, बेलपत्र, फल व मिष्ठान चढ़ाकर पूजा की। परियर में श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर बाबा बलखंडेश्वर मंदिर जाकर जलाभिषेक किया। भोर पहर चार बजे ही भक्त गंगा स्नान के लिए पहुंचने लगे थे। गंगा तटों पर गोताखोरों के साथ पुलिस हसनगंज में भक्तों ने सई नदी के पावन तट पर स्थित जलेश्वरनाथ मंदिर व बारा बुजुर्ग गांव में बालेश्वर मंदिर में भक्तों की भीड़ रही। शिव भक्तों ने हसनगंज, नेवलगंज, शिवाला बाग, मौला में मेहतारा शिव मंदिर में जाकर पूजन-अर्चन किया। बांगरमऊ के बाबा बोधेश्वर मंदिर में विधायक श्रीकांत कटियार, चेयरमैन रामनरेश कुशवाहा सहित अन्य भक्तों ने जाकर बाबा भोले के दर्शन किए। विधायक ने मंदिर परिसर में सोलर लाइट लगवाई। पुजारी को अंगवस्त्र प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया।