उन्नाव के बीघापुर के कुतुबुद्दीन गढ़ेवा गांव में संक्रमित मिलने के बाद जानकारी करते एसडीएम व सी?
- फोटो : UNNAO
बीघापुर(उन्नाव)। तहसील क्षेत्र के गांव कुतुबुद्दीन गढ़ेवा निवासी युवक के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या छह हो गई है। एसडीएम, सीओ, बीडीओ व स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची। प्रशासन ने संक्रमित युवक के घर से एक किलोमीटर के दायरे को हॉटस्पॉट घोषित करते हुए सील कर दिया है। संक्रमित गांव की 1888 आबादी की थर्मल स्क्रीनिंग कराई जा रही है। सैनिटाइजेशन भी जारी है। ग्रामीणों को घर में ही रहने के निर्देश दिए गए हैं।
बीघापुर तहसील क्षेत्र के कुतुबुद्दीन गढ़ेवा गांव निवासी 26 वर्षीय युवक मुंबई में अपने बड़े भाई व सिकंदपुर कर्ण निवासी उनके साले के साथ कपड़ा बनाने वाली फैक्टरी में काम करता था। 11 मई की देर शाम तीनों ट्रक से उन्नाव पहुंचे। मुंबई से अपने साथ लाए साइकिल से तीनों गांव के लिए चले। बड़े भाई के साले को रास्ते में पड़ने वाले सिकंदरपुर कर्ण में उतार दिया और रात करीब दो बजे दोनों भाई अपने गांव पहुंच गए। दोनों भाई घर के अंदर न जाकर चारपाई में बाहर एक साथ लेट गए। 12 मई की सुबह दोनों भाई बीघापुर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। पीएचसी प्रभारी ने छोटे भाई को खांसी व बुखार आने पर जिला अस्पताल भेजकर आइसोलेट कराया गया। बड़े भाई को गांव के बाहर स्कूल में क्वारंटीन करा दिया। जांच के लिए भेजे गए सैंपल की रिपोर्ट बुधवार को आई तो उसमें कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई। सीएमओ कैप्टन डॉ. आशुतोष कुमार ने उसे लखनऊ के बीकेटी स्थित रामसागर अस्पताल में शिफ्ट करा दिया है। स्वास्थ्य टीम ने मुंबई से संक्रमित युवक के साथ लौटा बड़ा भाई, उसका साला, दोनों भाइयों की पत्नी के साथ मुंबई व अमृतसर से लौटे दो पड़ोसी युवकों को सरस्वती मेडिकल कॉलेज में आइसोलेट कराया है।
कोरोना संक्रमित मिलने पर एसडीएम दयाशंकर, बीडीओ डीके सचान, सीओ अंजनीराय, एसओ हरप्रसाद अहिरवार व पीएचसी प्रभारी डा. पंकज पाडेय टीम के साथ गांव पहुंचे। स्वास्थ्य टीम ने गांव के सभी 254 मकानों में रहने वाले 1888 लोगाें की स्क्रीनिंग शुरू की है। आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर बाहर से लौटे लोगों की जानकारी जुटा रही हैं। लगाई गई 6 टीमों में 15 आशा कार्यकर्ता भी हैं। ग्रामसभा कुतुबुद्दीन गढ़ेवा को जोड़ने वाले मार्गों में चिलौली टेढ़ा मार्ग, बरा मार्ग व फुरसतखेड़ा के रास्तों को बैरिकेडिंग लगाकर पूरी तरह सील कर दिया गया है। एसडीएम दयाशंकर ने बताया कि गांव के बाहर ही कंट्रोलरूम बनाया गया है।
डीएम रवींद्र कुमार ने ग्राम कुतुबुद्दीन गढ़ेवा में कोरोना पॉजिटिव के घर को जिरोइंग तथा कुतुबुद्दीन गढ़ेवा राजस्व ग्राम को शामिल करते हुए 26 मई दोपहर 12 बजे तक अस्थायी रूप से सील किए जाने के आदेश दिए। इस अवधि में क्षेत्र में रहने वाले सभी व्यक्ति अपने-अपने घरों में ही रहेंगे। क्षेत्र का कोई भी व्यक्ति चिकित्सा विभाग के कंट्रोल रूम नंबर 0515-2840512, इंट्रीग्रेटेड राहत कंट्रोल रूम नंबर 0515-2820707 अथवा सीएमओ डॉ. आशुतोष कुमार के मोबाइल नंबर 8005192700 से संपर्क कर सकते हैं। यहां पर कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीडीपीओ बीघापुर अजय सिंह 9454878870 को मजिस्ट्रेट के रूप में नामित किया है।